कनाडाई सांसद सहोता ने ससुराल में बिताए कुछ पल
होशियारपुर। अपने व्यस्त शेड्यूल के बावजूद कनाडा के ब्रैंप्टन नॉर्थ की लिबरल सांसद रूबी सहोता होशियारपुर में अपने ससुराल के पैतृक घर में कुछ पल बिताने का लोभ संवरण नहीं कर पाईं। हालांकि ससुराल पहुंची रूबी रात में यहां पहुंचने के बाद अल सुबह ही दिल्ली के लिए रवाना हो गईं। शहर के न्यू फतेहगढ़ मुहल्ले स्थित ससुराल पहुंचने पर विधायक सुंदरशाम अरोड़ा के साथ-साथ सगे संबंधियों व शहर के लोगों ने बुधवार देर रात जोरदार स्वागत किया। कनाडाई सांसद रूबी सहोता का स्वागत करते हुए विधायक सुंदरशाम अरोड़ा ने कहा कि यह होशियारपुर के लिए सम्मान की बात है कि वह कनाडा में जनप्रतिनिधि के तौर पर जनसेवा कर रही हैं और अपनी जड़ों से भी बावस्ता हैं। अरोड़ा ने पंजाब और विशेष तौर पर होशियारपुर से स्टडी वीजा पर कनाडा जाने वाले विद्यार्थियों की मदद और उन्हें शिक्षा व रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए सहोता से चर्चा की।
सांसद रूबी सहोता ने कहा कि कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की भारत यात्रा से दोनों देशों के बीच सामाजिक, आर्थिक व सांसकृतिक संबंध में और मजबूती आएगी। उन्होंने कहा कि इंटरनैट के दौर में पूरी जानकारी कनाडा की सरकारी वेबसाइट पर उपलब्ध है। कनाडा में जाने वाले लोग एजेंटों के झांसे में आने से अच्छा है कि इस वेबसाइट से पूरी जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि कनाडा में पंजाबी भाषा अब वहां की तीसरी सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा बन गई है। उन्होंने कहा कि अपनी मातृभाषा को और अधिक बढ़ावा देने की कोशिश हमें करनी चाहिए। सहोता रात करीब दस बजे यहां पहुंचीं और परिजनों व करीब के लोगों से मुलाकात के बाद अल सुबह करीब ढाई बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गईं।