स्वच्छता अभियान बीता, नहीं हट सकी गंदगी
नगर काउंसिल के पास नही है कूड़ा फेंकने के लिए जगह
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाला।
नगर काउंसिल के पास कूड़ा डंप करने का स्थान तक नहीं है। इसके चलते जिला प्रबंधकीय परिसर समेत शहर में जगह-जगह गंदगी पसरी है। हालात यह हैं कि काउंसिल के सफाई कर्मी शहर का दिल कहे जाने वाली सदर बाजार में कूड़ा डंप कर रहे हैं।
जिला प्रशासन ने शहर में स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत मिशन के तहत जिला प्रबंधकीय परिसर से 15 सितंबर 2017 को शहर में सफाई अभियान चलाया था। शहर के बाजारों में जिला प्रशासन की ओर से गठित सफाई कर्मचारियों की टीम ने शहर में सफाई अभियान शुरू करके शहर निवासियों को स्वच्छता का संदेश दिया था। जिस जगह से अभियान को झंडी देकर शहर में लोगों को स्वच्छता का संदेश देने के लिए रवाना किया गया था, उसी जगह अभियान के 6 माह बीत जाने के बाद भी गंदगी नहीं हट पाई है।
शहर की तरह जिला प्रबंधकीय परिसर के बीच भी जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं, जिसमें दिनभर लावारिस पशु घूमते रहते हैं। इसके आसपास से गुजरने वाले लोगों व क्वाटरों में रहने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं जिला प्रशासन को खुले में शौच मुक्त अभियान के तहत शौचालय बनाने में प्रथम अवार्ड हासिल हो चुका है, वहीं दूसरी ओर कोर्ट की पुरानी इमारत व एसडीएम दफ्तर में बने शौचालय टूटे व गंदगी से भरे पड़े हैं। कर्मचारियों का कहना है कि बदबू से परेशान है। एडीसी जरनल अरविंद पाल सिंह संधू का कहना है शहर का कूडे़ फेंकने के लिए नगर काउंसिल को जगह खरीदने के निर्देश दिए हुए हैं। वहीं वह खुद जिला प्रबंधकीय कांप्लेक्स की सफाई व्यवस्था की जांच करेंगे।