घर के आगे टेंट लगाने पर चुकानी होगी फीस
नगर काउंसिल की मासिक बैठक में जारी किया गया फरमान
अमर उजाला ब्यूरो
खन्ना।
शहर के लोगों को अब घर, दुकान के आगे शादी समारोह, लंगर या किसी कार्यक्रम के लिए टेंट लगाने पर फीस देनी पड़ेगी। यह फरमान बुधवार को नगर काउंसिल खन्ना की मासिक बैठक के दौरान जारी किया गया। विरोधी दल के पार्षदों ने इस फरमान का विरोध भी शुरू कर दिया है। आम आदमी पार्टी के के पार्षदों ने इसके खिलाफ संघर्ष शुरू करने का एलान भी कर दिया है।
नगर काउंसिल के हाल में कांग्रेसी प्रधान विकास मेहता की अगुवाई आयोजित बैठक में सभी पार्षदों अपनी समस्याएं रखीं। सब से पहले आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज व पार्षद अनिल दत्त फल्ली ने मासिक एजेंडे में रखे गए उस फरमान पर एतराज जताया, जिस पर लिखा था कि अब शहर को कोई भी व्यक्ति अपने घर या गली मुहल्ले व दुकान के बाहर किसी तरह का कोई प्रोग्राम करता है तो फीस अदा करनी होगी। इस फरमान में सार्वजनिक स्थान पर टेंट लगाकर शादी समारोह, धार्मिक कार्यक्रम, लंगर करना शामिल है। एजेंडे में लिखा की एक हजार लोगों के एकत्र होने पर पर आठ हजार फीस अदा करनी होगी।
आम आदमी पार्टी की दूसरी पार्षद रजनी वाला फल्ली ने कहा शहर के लोगों के साथ इस तरह की लूट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा एजेंडे में डाले गए इस फरमान को तुरंत हटाया जाए। आप पार्षदों ने कहा गरीब व मध्यवर्ग को लोग तो आपस में ही पैसे एकत्र कर लड़की की शादी घर के ही बाहर कर देते हैं, ऐसे में इस फरमान को नहीं हटाया गया तो संघर्ष शुरू किया जाएगा।
इस संबंध में संपर्क करने पर नगर काउंसिल के ईओ रवनीत सिंह ने कहा कि एजेंडे में ऐसी कोई बात नहीं है, मैं पता करवाया हूं, जबकि आम आदमी पार्टी के पार्षद अनिल दत्त फल्ली ने हमें एजेंडे में दिए गए फरमान की फोटो तक भेजने की बात बताने पर ईओ ने कहा कि मैं देखता हूं।
‘काउंसिल के उपप्रधान का चुनाव जल्द हो’
अकाली दल के पार्षद इकबाल सिंह चन्नी ने कहा कि जीटी रोड पर सीवरेज के नाम पर लाखों रुपये का इस्टीमेट बनाया गया है, जबकि वहां सीवरेज तो पहले से है, उसे बंद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जल्द से काउंसिल के उपप्रधान का चुनाव जल्द होना चाहिए। बीजेपी के पार्षद सुधीर सोनू, विपन देवगन ने भी सीवरेज व सफाई व्यवस्था की समस्या उठाई। वार्ड नंबर पांच के पार्षद कृष्णपाल ने भी सीवरेज समस्या बताई। काउंसिल प्रधान विकास मेहता ने कहा कि सीवरेज बोर्ड जल्द ही काम शुरू करेगा।