धुंध में हादसा, युवक की मौत
अज्ञात वाहन ने कार में मारी टक्कर
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर।
हनुमानगढ रोड पर बुधवार सुबह घनी धुंध के कारण हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई और उसका साथी घायल हो गया। मामले की सूचना मिलते ही थाना नंबर 2 की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी। कार में एक युवती सहित चार लोग सवार थे।
जानकारी के अनुसार करीब 27 वर्षीय तरुण कुमार पुत्र राम कुमार शाक्य निवासी सादुलशहर अपने साथी सुनील व ढाणी विशेषरनाथ निवासी रिश्तेदार प्रेम कुमार और लड़की प्रेम लता के साथ बुधवार सुबह कार में सवार होकर अबोहर की ओर आ रहे थे। बीएसएफ हेडक्वार्टर के पास घनी धुंध के कारण सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन से कार की टक्कर हो गई। इससे कार चालक तरुण कुमार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सुनील सहित अन्य लोग आंशिक तौर पर घायल हो गए। इसी दौरान कार के पीछे आ रहा एक दोधी जगदीश पुत्र गुरजीत निवासी गांव कुलार भी कार से टकराकर घायल हो गया। राहगीरों ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही सादुलशहर निवासी मृतक के परिजन भी अबोहर पहुंच गए। मृतक तरुण की एक वर्ष पूर्व शादी हुई थी और उसका एक माह का बेटा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।