सर्जिकल स्ट्राइक पर बोले बॉलीवुड सितारे-आतंक को जड़ से खत्म करने का वक्त
सतीश कौशिक, मनोज तिवारी, सुनील शेट्टी आदि ने शहीदों को क्रिकेट मैदान में कैंडल जलाकर दी श्रद्धांजलि
चंडीगढ़ में चल रही सेलिब्रिटी क्रिकेट लीग में शामिल होने पहुंचे हैं बॉलीवुड अभिनेता
रूबी सिंह
चंडीगढ़। सर्जिकल स्ट्राइक के बाद बनी युद्ध ही स्थिति पर बॉलीवुड के सितारों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि पूरा देश सेना के साथ है। किसी को डरने या घबराने की जरूरत नहीं है। हमारी सेनाएं रक्षा करने में सक्षम हैं। हमें उनका मनोबल बढ़ाना चाहिए। अब वक्त आ गया है कि आतंकवाद को जड़ से खत्म किया जाए। बता दें कि सेलिब्रिटी क्रिकेट लीग के तहत बॉलीवुड सितारे चंडीगढ़ में पहुंचे हुए हैं।
बुधवार को पुलवामा में शहीद जवानों को सेक्टर 16 के क्रिकेट स्टेडियम में कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि दी। मशहूर अभिनेता व निर्देशक सतीश कौशिक, सुनील शेट्टी, सोहेल खान, अभिनेत्री उर्वशी रौटेला, जस्सी गिल, शरद आदि ने शहीदों को याद किया।
शहीदों के उनके मां-बाप का क्या कसूर था: सतीश कौशिक
मशहूर डायरेक्टर व अभिनेता सतीश कौशिक ने कहा कि यह आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई है, पाकिस्तान के खिलाफ नहीं। पाकिस्तान को तो खुद आगे बढ़कर भारत का साथ देना चाहिए ताकि आतंकवाद का सफाया हो सके। आतंकवादियों का कोई धर्म नहीं होता। बेकसूर सैनिकों को धोखे से मारकर कितने ही परिवारों को उन्होंने ऐसा जख्म दिया है, जो कभी नहीं भर सकेगा। आखिर उनके मां-बाप, भाई, बहनों का क्या कसूर था, जिनसे अकेले बेटे को छीन लिया गया।
बहुत दिनों की बीमारी का इलाज हुआ है: मनोज तिवारी
अभिनेता और भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि बहुत दिनों की बीमारी का मानो इलाज हुआ है। भारत का यह कदम बेहद सराहनीय है। भारत एक शांतिप्रिय देश है। लेकिन हमारी शांति की परीक्षा बहुत सालों से ली जा रही है। मुंबई में भी बेकसूरों की हत्या कर दी गई, संसद पर हमला किया गया। पठानकोट में घुसे। आखिर कब तक सहते रहें। अब वक्त आ गया है कि पाकिस्तान को सबक सिखाया जाए और भारतीय सेना यह बखूबी कर रही है।
देश में शांति हो, यही है दुआ: जस्सी गिल
मशहूर पंजाबी गायक जस्सी गिल ने कहा कि पुलवामा में हमला बेहद दुखदायक था। शहीदों के परिवार को भगवान हिम्मत दें। उन्होंने कहा कि वे देश में शांति की दुआ करते हैं। लेकिन आतंकवादियों को माफ नहीं किया जा सकता। यदि अब भी उन्हें मुंहतोड़ जवाब नहीं दिया गया तो उनके हौसले बढ़ते जाएंगे। पाकिस्तान के साथ पूरी दुनिया को यह संदेश देना जरूरी है कि भारत अब बदल चुका है।
यह कदम बेहद तारीफ लायक : सुनील शेट्टी
अभिनेता सुनील शेट्टी ने कहा कि भारत का कदम तारीफ के लायक है। सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान बौखला गया है। हमारी सीमा में अपने लड़ाकू विमान भेजकर उसने जो हिमाकत की है, उसका गंभीर परिणाम उसे भुगतना पड़ेगा। आतंकवाद को शह देकर पाकिस्तान पहले ही दुनिया के सामने बेनकाब हो चुका है। अब इसके सफाये का समय आ गया है।