अब पचास रुपये में ऑनलाइन होगा पुलिस वेरिफिकेशन
- हरियाणा सरकार ने इस फीस को 500 रुपये से घटाकर 50 रुपये किया
- हर महीने हजारों लोग अलग-अलग मंशा से करवाते हैं पुलिस वेरिफिकेशन
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
हरियाणा सरकार ने पुलिस विभाग की अलग-अलग तरह की ऑनलाइन वेरिफिकेशन करवाने के लिए दी जाने वाली फीस को 500 से घटाकर 50 रुपये कर दिया है। वित्त एवं राजस्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने रविवार को बताया कि सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के हजारों लोग लाभान्वित होंगे। कैप्टन अभिमन्यु ने बताया कि प्रदेश सरकार लोगों की सुविधा के लिए अनेक ऑनलाइन सुविधाएं प्रदान कर रही है। कई प्रकार के वेरिफिकेशन और सर्टिफिकेशन का काम भी ऑनलाइन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में हरियाणा पुलिस के ऑनलाइन पोर्टल के जरिये करीब दर्जन भर वेरिफिकेशन की सुविधा ऑनलाइन की जा रही हैं। इनमें कैरेक्टर वेरिफिकेशन, डोमेस्टिक हैल्प वेरिफिकेशन, प्रोटेस्ट/स्ट्राइक वेरिफिकेशन, इंप्लाइ वेरिफिकेशन, प्रोसेशन आवेदन, इवेंट परफॉरमेंस आवेदन और प्राइवेट सिक्योरिटी से जुड़े आवेदन शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के निर्देशों पर ऑनलाइन वेरिफिकेशन और आवेदन फीस को कम करते हुए सिर्फ 50 रुपये कर दिया गया है। उन्होंने आम लोगों से अधिक से अधिक ऑनलाइन सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की है।