‘स्वामीनाथन के ट्वीट विपक्ष के मुंह पर तमाचा’
- भाजपा मीडिया प्रमुख राजीव जैन ने विपक्षी दलों पर कसा तंज
- कहा, अब किसान कल्याण नीतियों को मुखरता से जनता तक पहुंचाएंगे
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
हरियाणा प्रदेश भाजपा केंद्र सरकार की किसान कल्याण नीतियों के समर्थन में प्रो. एमएस स्वामीनाथन के ट्वीट के बाद आक्रामक रुख में आ गई है। प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख राजीव जैन ने विपक्षी दलों पर चुटकी लेते हुए कहा कि स्वामीनाथन के ट्वीट विपक्ष के मुंह पर तमाचा है। प्रो. स्वामीनाथन का समर्थन मिलने के बाद भाजपा अब न केवल किसानों के बीच मुखरता के साथ जाएगी, बल्कि विपक्ष पर हमलावर भी होगी।
जैन ने कहा कि 13 जून को स्वामीनाथन ने दो ट्वीट कर बेहतर बीज, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, बीमा, कृषि क्षेत्र में बढ़ोतरी, सिंचाई क्षेत्र में बढ़ोतरी एवं किसान कल्याण में उठाए जा रहे कदमों की सराहना की थी। साथ ही इन्हें किसानों को संरक्षण देने वाला बताया था। जैन ने कहा कि स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट कांग्रेस के लिए हौवा बनी रही। उन्होंने इस पर काम करने के बजाय किसान वर्ग के लिए स्थितियां बदतर बनाने का काम किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता संभालने के बाद से किसान वर्ग को संरक्षित कर किसानों को आर्थिक स्तर पर सशक्त बनाने पर काम किया है। हरियाणा में भी 23.56 लाख मृदा स्वास्थ्य कार्ड बनाए जा चुके हैं। 35 साल बाद दक्षिण हरियाणा के 12 गांवों को सिंचाई के लिए पानी हसनपुर और दनचोली माइनरों में चार दशक बाद पहली बार पानी पहुंचाया गया।