अबोहर के कई इलाकों में सीवर जाम
लोगों का आरोप, बार-बार मांग करने पर भी नहीं हो रही सुनवाई
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर।
स्थानीय वाटर एवं सीवरेज विभाग की लापरवाही से शहर के कई इलाकों में सीवर जाम होने से गंदा पानी सड़कों पर जमा है। इससे लोगों को गंदगी में दिवाली मनाने पर मजबूर होना पड़ा। सांसद सुनील जाखड़ के निवास को जाने वाली सड़क की हालत भी काफी खस्ता है। स्थानीय लोगों ने उपमंडल मैजिस्ट्रेट से इस समस्या की ओर ध्यान देने की मांग की है।
राजन कुमार, अनिल कुमार, मुख्तयार सिंह, जसवंत सिंह और गुरमेल सिंह का कहना था कि अगर सीवरेज बोर्ड के कर्मचारी सांसद निवास को जाने वाली सड़क का सीवर सुचारु नहीं रख सकते तो वे उनसे क्या उम्मीद रखें। आनंद नगरी के अधिकतर क्षेत्रों में सीवर का गंदा पानी गलियों की नालियों में जमा है। मोहल्लावासियों का कहना है कि वे सीवरेज बोर्ड से कई बार उक्त नाले को साफ करने की मांग कर चुके हैं, लेकिन वे इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे। इससे मोहल्ले में बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है।
इन इलाकों में सीवर लाइनें खराब होने से यह समस्या आ रही है। अमृत योजना के तहत नई लाइनें बिछते ही समस्या हल हो जाएगी।
-हरशरणजीत सिंह, एसडीओ, वाटर एवं सीवरेज विभाग
इस समाचार की फोटो एबीआर 3 भेजी जा रही है।