भट्ठे पर बंधुआ 88 लोगों को छुड़ाया
नवांशहर। कस्बा जाडला के गांव मुजफ्फरपुर में स्थित एक भट्ठे से प्रशासन की ओर से 88 बंधुआ लोगों को छुड़वाया गया। प्रशासन को सामाजिक संगठन नेशनल कैंपेन कमेटी फार इरेडिकेशन आफ वाऊंडिड लेबर कमेटी की ओर से शिकायत दी गई थी, जिसके बाद सोमवार को यह कार्रवाई हुई। प्रशासन की ओर से सभी लोगों को रिहा करवा उन्हें उनके यूपी के जिला मुजफ्फर नगर, मेरठ भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सामाजिक संगठन के कनवीनर निर्मल गुराना ने बताया कि कुछ समय पहले शिकायत मिली थी, कि मुजफ्फरपुर स्थित भट्ठे पर मजूदरों को बंधक कर उनसे काम लिया जा रहा है। मजदूरों को उनके काम के पैसे नहीं दिए जा रहे है। उन्होंने जिला प्रशासन को 20 जुलाई को भट्ठे पर इस तरह से बंधुआ मजदूरों से कराने काम के बारे में जानकारी दी थी।
सोमवार को तहसीलदार नवप्रीत सिंह शेरगिल, डीसीपीओ कंचन अरोड़ा की अगुवाई में भट्ठे पर रेड की गई। डिस्ट्रिक्ट चाइल्ड प्रोटेक्शन अधिकारी कंचन अरोड़ा ने बताया भट्ठे से 88 बंधुआ लोगों को छुड़वाया गया। इन लोगों में 34 पुरुष मजदूर, 29 महिला मजदूर ौर 20 बाल मजदूर शामिल हैं। इसके अलावा 5 छोटे बच्चे शामिल हैं, जो मजदूरी नहीं कर सकते। सभी बंधुआ मजदूरों को छुड़वा उनका रिलीज सर्टिफिकेट जारी करवाया जा रहा है। इसके बाद सभी लोगों को उनके घर भेजा जाएगा। उन्होंने बताया भट्ठा मालिक विवेक कुमार बजाज के खिलाफ कार्रवाई शुरु कर दी गई है। इन लोगों को ठेकेदार लोकेश अपने साथ करीब 1 वर्ष पहले लाया था। ज्यादातर लोग यूपी के जिला मुजफ्फरपुर और मेरठ के रहने वाले हैं।