हरमन के घर पहुंचे भगवंत मान
माता-पिता को दी बधाई, सरकार को कोसा
अमर उजाला ब्यूरो
मोगा।
आम आदमी पार्टी के कनवीनर और सांसद भगवंत मान और फरीदकोट से सांसद साधु सिंह रविवार को अन्य पार्टी नेताओं के साथ क्रिकेटर हरमनप्रीत कौर के घर पहुंचे। उन्होंने हरमन के पिता हरमंदर सिंह भुल्लर और माता सतविंदर कौर को बधाई दी।
इस मौके पर सांसदों ने कहा कि पंजाब के खिलाड़ी अलग-अलग खेलों में अपनी पहचान विश्व स्तर पर बना रहे हैं, लेकिन पंजाबी नौजवानों के खेलने के लिए बुनियादी ढांचे की बड़ी कमी है, जिसकी तरफ समय की राज्य सरकारों ने ध्यान नहीं दिया है। हैरानी की बात यह है कि कैप्टन सरकार के चार महीने के कार्यकाल के दौरान अभी तक किसी को भी खेल मंत्रालय की जिम्मेदारी नहीं दी गई। इससे स्पष्ट होता है कि पंजाब सरकार का खेल को उत्साहित करने की तरफ पूरा ध्यान नहीं है।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि मोगा की बेटी हरमनप्रीत ने इतनी बड़ी प्राप्ति करके महिलाओं का नाम संसार स्तर में ऊंचा किया है। माता पिता का आज फर्ज बनता है कि वह बेटियों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि राज्य के सरकारी स्कूलों में पीटीआई और डीपीआई अध्यापकों के पद बड़े स्तर पर खाली पड़े हैं। उन्होंने हरमन के माता पिता को बधाई देते हुए भारतीय महिला क्रिकेट टीम के फाइनल मैच जीतने की कामना भी की। इस मौके पर आप विधायक मनजीत सिंह बिलासपुर, एडवोकेट रमेश ग्रोवर सीनियर नेता हलका मोगा, विधायक बलदेव सिंह जैतो, जगदीप सिंह बराड़ जैमलवाला, अमित पुरी, सुखी धालीवाल आदि आम आदमी पार्टी के वालंटियर मौजूद थे।
फोटो कैप्शन - मोगा के पास के गांव दुनेके में भारतीय महिला क्रिकेट खिलाडी हरमनप्रीत के माता पिता घर ’आप ’ कनवीनर भगवंत मान व अन्य