संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। जिले में ओवरलोड दौड़ रही बसों और बिना परमिट के वाहनों पर आरटीए विभाग ने कार्रवाई की है। मंगलवार देर रात आरटीए विभाग ने दो बस और तीन टेंपो ट्रैवलर को जब्त कर 2.32 लाख रुपये का चालान किया है।
आरटीए विभाग ने मंगलवार देर रात करीब 11 बजे ओल्ड पंचकूला के पास पंचकूला से उत्तर प्रदेश जा रही प्राइवेट बस को रोका। बस को मॉडीफाई कर स्लिपर कोच बनाया हुआ था। बस में 36 लोगों को बैठाने की क्षमता थी लेकिन उसमें करीब 150 यात्री सवार मिले। आरटीए विभाग ने बस का 1.17 लाख रुपये का चालान कर जब्त कर लिया। वहीं एक अन्य बस का भी टैक्स संबंधी नियमों का उल्लंघन करने पर 55 हजार रुपये का चालान किया है। सभी वाहनों को जब्त कर सेक्टर-5 बस स्टैंड के पीछे खड़ा किया गया है।
-तीन टेंपो ट्रैवलर को भी किया जब्ज
आरटीए विभाग ने देर रात नेपाल से पंचकूला सवारियों को लेकर आ रहे तीन टेंपो ट्रैवलर को माजरी चौक के पास रोककर जांच की। नियमों का उल्लंघन करने के कारण उनका भी चालान कर जब्त कर लिया गया। टेम्पो ट्रैवलर में चालक नेपाल से सवारियों को लेकर आते हैं और पंचकूला के अलग-अलग स्थानों पर छोड़ देतेे है। आरटीए विभाग ने तीनों टेंपो ट्रैवलरों का 60 हजार रुपये का चालान किया है।