बरेली के ध्यानार्थ...
ट्रक पलटने से झोपड़ी में सो रहे दंपति की मौत
रोपड़।
नूरपुरबेदी-गढशंकर मार्ग पर कलवां बस स्टाप के पास रविवार देर रात एक ट्रक असंतुलित होकर पलट गया। ट्रक ने सड़क के किनारे बनी एक झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। इससे झोपड़ी में सो रहे मजदूर दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि ट्रक में सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के दौरान मृतकों की पहचान डाल चंद (33) और उसकी पत्नी हेमवती (30) निवासी गांव सिरतोल बदायूं (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
जबकि घायल युवक वकील सिंह निवासी गांव बराउ जिला चंबा (हिमाचल प्रदेश) का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार रविवार देर स्पेयर पार्ट्स से भरा एक ट्रक रूद्रपुर (उतराचंल) से आ रहा था जब वह कलवां बस स्टॉप पर पहुंचा तो अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और बेकाबू होकर बस स्टॉप के पास बनी झोपड़ी पर पलट गया। पुलिस ट्रक के पलटने के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। मृतकों के पारिवारिक सदस्यों ने बताया कि डाल चंद के दो बच्चे हैं, डाल चंद की मां पास ही एक अन्य झोंपड़ी में रहती है। रविवार रात मृतक के दोनों बच्चे अपनी दादी के पास सोने चले गए थे। इस कारण उनकी जान बच गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए श्री आनंदपुर साहिब के सिविल अस्पताल में रखा दिया है। चौकी इंचार्ज कलमां एएसआइ बलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मृतक के भाई के बयानों पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।