घरों, दुकानों में भरा पानी, मुश्किल में जिंदगानी
मानसा। शहर में शुक्रवार की दोपहर झमाझम बारिश के बाद शनिवार को भी बरसात का पानी घरों, बैंकों व दुकानों से नहीं निकल पाया। पंजाब नेशनल बैंक में पानी न निकलने के कारण शनिवार को भी कामकाज ठप रहा। बैंक के दस्तावेज व अन्य समान भी पानी की चपेट में आ गया। इसी तरह पावरकाम दफ्तर में रिकार्ड भीग गया।
तेज बारिश के कारण वार्ड नंबर 3 में अनेकों घरों की दीवारें गिरने, दरारें पड़ने तथा पानी भरने पर रोष स्वरूप लोग सड़क पर उतर आए। वार्ड वासियों ने सुबह से डीसी के निवास के सामने चौक में धरना लगाकर यातायात ठप कर दिया। इससे बठिंडा, पटियाला, लुधियाना जाने वाले बसों ने रास्ते बदलने पड़े। बाद में वार्ड वासियों ने डीसी निवास से लेकर बस स्टैंड चौक तक प्रदर्शन चक्का जाम किया।
वार्ड वासी मक्खन सिंह, परमजीत कौर, मलकीत कौर, रानी कौर, गुरमेल कौर, पूजा रानी, प्रकाश कौर व गुरमीत कौर ने बताया बारिश का पानी नहीं निकलने पर इलाके सोम शर्मा, राज पाल सिंह, केवल सिंह, कर्मजीत सिंह, दर्शन सिंह आदि के मकानों में दरारें पड़ गई हैं। उन्होंने रोष जताया कि प्रशासन का कोई भी अधिकारी उनकी सुध लेने नहीं आया। जाम की सूचना मिलने पर एसडीएम लतीफ अहमद, डीएसपी बलविंदर सिंह, थाना मुखी यादविंदर सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पहुंचे और लोगों को उनकी मांगे सरकार तक पहुंचाने का वादा किया।
उधर, मानसा में एक समागम में पहुंचे मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के सलाहकार भरत इंद्र सिंह चहल ने डीसी व एसएसपी से इस संबंधी बातचीत की। उन्होंने कहा जिन घरों का बारिश के कारण नुकसान हुआ है, उनका जायजा लेकर सरकार को उसकी रिपोर्ट भेजी जाए। चहल ने कहा कि मानसा में पानी निकासी के प्रंबंध के लिए वह मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से भी बात करेंगे। दूसरी और आम आदमी पार्टी के विधायक नाजर सिंह मानशाहिया ने बारिश के कारण मकानों व फसलों के हुए नुकसान पर सरकार से आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उधर, किसान नेता इकबाल सिंह फफड़े, गुरदेव सिंह जवाहरके ने कहा कि बारिश के कारण नरमे व धान की फसल पानी में डूब चुकी है। इससे किसानों का बड़ा नुकसान हुआ है।