मनरेगा मेट और मजदूर से मारपीट, एसपी से मिले मजदूर
- हमलावरों पर लगाया सरकारी रजिस्टर छीनने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर।
उपमंडल के गांव झूमियांवाली में बुधवार को कुछ लोगों ने मनरेगा मजदूरों के साथ कार्य स्थल पर मौजूद मेट से मारपीट की। आरोप है कि मारपीट करने वालों ने सरकारी रजिस्टर भी छीन लिया। इतना ही नहीं इसका विरोध करने पर उन्होंने एक मजदूर की भी पिटाई कर दी। मजदूर को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इधर इस घटना से रोषित मजदूरों व उक्त मेट ने एसपी से मिलकर मारपीट करने लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
मनरेगा मेट राजिंद्र कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह गांव में हैल्पर विनोद कुमार के साथ मनरेगा कार्य पर आए मजदूरों की हाजिरी लगा रहा था तो गांव के ही चार लोगों ने उससे सरकारी मैस्ट्रोल रजिस्टर छीनकर उस पर मजदूरों की हाजिरी लगाकर रजिस्टर अपने साथ ले गए। जब उन्होंने इस बात का विरोध किया तो उक्त लोगों ने उन्हें जाति सूचक गालियां निकाली इतना ही नहीं एक मनरेगा मजदूर नौरंग लाल की पिटाई कर दी।
राजिंद्र कुमार ने बताया कि उक्त लोग रंजिश के चलते आए दिन ऐसी हरकतें करते हैं। इसके रोष स्वरूप आज उन्होंने एसपी अमरजीत सिंह से मिलकर उक्त हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, जिस पर एसपी ने तुरंत ही थाना प्रभारी को इस मामले की जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए। इस मौके पर बिहारी लाल, दिवान चंद, के अलावा मनरेगा मजदूरों में गुड्डी देवी, भागा देवी, सावित्री देवी, बिमला देवी, पुष्पा रानी, रेशमा, विद्या देवी, सीमा रानी, रोशनी, माना देवी, गोगी, शारदा, कमला देवी, संतो देवी, माया देवी, तुलसा देवी मौजूद थे।
इस समाचार की फौटो एबीआर 2 भेजे जा रहे हैं।