सीट समेत गिरे यात्री, एक की मौत, पांच घायल
- दप्पर टोल प्लाजा के निकट हुआ खतरनाक हादसा
- बस की आगे की तीनों सीटें निकलकर गिरी बाहर
अमर उजाला ब्यूरो
लालडृ।
अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर स्थित दप्पर टोल प्लाजा के निकट तेज रफ्तार में आ रही हरियाणा रोडवेज की एक बस चालक की लापरवाही के कारण रोड रोल्लर से टकरा गई। यह टक्क र इतनी हादसा इतना भयानक था कि बस की अगली तीन सीटें बस से नीचे जा गिरी। वहीं अगली सीट पर बैठा एक 40 वर्षीय व्यक्ति की सड़क पर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसकी उपचार दौरान मृत्यु हो गई। जबकि पांच अन्य सवारियों को गंभीर चोटें आईं हैं। सभी घायलों को चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित जीएमसीएच में भर्ती करवाया गया है। वहीं एक कार सवार दंपति हादसे में बाल-बाल बच गए।
लैहली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दोपहर बाद करीब तीन बजे हरियाणा रोडवेज चंडीगढ़ डिपो बस जो अंबाला की ओर से चंडीगढ़ की ओर जा रही थी। दप्पर टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर पहले तेज रफ्तार बस मार्ग पर दाई ओर जा रहे एक रोड रोलर व बाई ओर जा रही एक कार के दोनों के बीच में से जब बस चालक ने ओवरटेक करना चाहा तो बस कंडक्टर की सीट के पास वाला पासा रोड रोलर से बुरी तरह से टकरा गया। इससे बस की दाई ओर कंडक्टर सीट वाला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही टक्कर लगते ही बस की पहली तीन सीटें बस से बाहर निकल कर आगे की ओर नीचे जा गिरी।
बताया जा रहा है एक सवारी भी हादसे में सड़क पर गिर जाने से गंभीर रूप से जख्मी हो गई, जिस का अस्पताल में उपचार दौरान मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के वक्त बाई ओर से जा रही एक कार से टकराते हुए बस डिवाइडर पर जा चढ़ी। बस की रफ्तार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बस की टक्कर लगते ही रोड रोलर का मुंह घूम कर अंबाला की ओर हो गया।
हालांकि अभी हादसे में मृतक 40 वर्षीय व्यक्ति की अभी पहचान नहीं हो सकी है। जबकि संदीप पुत्र जुगल किशोर निवासी मेरठ, सुनील पुत्र बहादुर सिंह निवासी मुंडुर खेड़ा, डोगर पुत्र चरण दास निवासी पिंजौर, वसीला पुत्र वसद निवासी अमरपुर, सहारनपुर, मदनलाल पुत्र रामचंद निवासी रामगढ़ व सोलेश पुत्र महेश को डेराबस्सी के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से मदनलाल व सोलेश को छोड़ सभी को जीएमसीएच, चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। जिसे बाद में स्थानीय ट्रैफिक पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को एक ओर करवा कर सुचारू करवाया। वहीं फिलहाल पुलिस मामले की जांच में लगी हुई है।