अभेद्य होगी स्ट्रांग रूम की सुरक्षा...परिंदा भी पर नहीं मार पाएगा
सेक्टर 26 के चंडीगढ़ इंजीनियरिंग कालेज में बनाया गया स्ट्रांग रूम
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
स्ट्रांग रूम की सुरक्षा इतनी कड़ी होगी कि कोई आसपास फटक भी नहीं सकेगा। प्रशासन से लेकर पुलिस की तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यहां पुलिस के जवान 24 घंटे तैनात रहेंगे। यह निर्णय शनिवार को चुनाव को लेकर हुई मीटिंग में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता चीफ एडिशनल आफिसर मनदीप सिंह बराड ने की। उन्होंने कहा कि ईवीएम सीसीटीवी की नजर में रहेंगी।
तय हुआ कि ऐसे प्रोजेक्टर लगाए जाएंगे जो अंदर और बाहर की गतिविधियों को लाइव दिखा सकेंगे। सुरक्षा की दृष्टि से सेक्टर 26 के चंडीगढ़ इंजीनियरिंग कालेज में ईवीएम और वीवीपैट रखे गए हैं। संयुक्त मुख्य चुनाव अधिकारी अर्जुन शर्मा ने बताया कि स्ट्रांग रूम की 24 घंटे निगरानी होगी। 19 मई को होने वाले चुनाव के लिए 597 बूथों पर इतनी ही ईवीएम प्रयुक्त होंगी। इसके अलावा 25 मशीनें रिजर्व रहेंगी। इसके साथ ही सेक्टर 26 के चंडीगढ़ इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में सीसीटीवी लगाए गए हैं। इससे यहां हर आने-जाने वाले पर नजर रखी जाएगी।