सीएचबी की सात मंजिला
ग्रीन बिल्डिंग्स की मार्किंग
4 दिसंबर को प्रशासक वीपी सिंह बदनौर करेंगे इमारत का शिलान्यास
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) की नई बिल्डिंग बनाने का काम वीरवार से शुरू हो गया है। सेक्टर-9 के बी ब्लॉक में बनने वाली 7 मंजिला बिल्डिंग की कंस्ट्रक्शन से पहले मार्किंग की गई। चार दिसंबर को इस बिल्डिंग का शिलान्यास प्रशासक वीपी सिंह बदनौर और सांसद किरण खेर करेंगी। कंस्ट्रक्शन कंपनी ने अपना सेटअप लगाकर बी ब्लॉक में कंस्ट्रक्शन से पहले की तैयारियां शुरू कर दी हैं। बोर्ड की इस बिल्डिंग में पार्किंग के लिए दो बेसमेंट होंगे। बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन पर करीब 50.94 करोड़ रुपये की लागत आएगी। 3.26 एकड़ में बनने वाली इस बिल्डिंग का कवर्ड एरिया लगभग एक लाख 53 हजार वर्ग फुट होगा। यह अपनी तरह की ग्रीन बिल्डिंग होगी, जो नई टेक्नोलॉजी और इनोवेटिव बिल्डिंग मैटीरियल की मदद से तैयार होगी। इसके कंस्ट्रक्शन में नेचुरल रिसोर्स पर अधिक र्निभरता रहेगी। दावा किया जा रहा है कि यह बिल्डिंग 2 साल में कंप्लीट हो जाएगी।
दो मंजिल होंगी रेंटआउट
7 मंजिला सीएचबी की नई इमारत में दो बेसमेंट होंगे। बिल्डिंग में बोर्ड के सभी ऑफिस और ब्रांच शिफ्ट होने के बाद भी कुछ मंजिल खाली रह जाएंगी। बचे स्पेस को बोर्ड रेंटआउट करेगा। यानी इसमें निजी कंपनियों के कारपोरेट ऑफिस खुल सकेंगे। इसके बदले में उनसे किराया लिया जाएगा। कॉमर्शियल की बजाय ऑफिस वर्क के काम ही यहां हो सकेंगे। इससे जो आय होगी, उससे बोर्ड के खर्चे चल सकेंगे। साथ ही बिल्डिंग मेंटेनेंस कास्ट भी निकलती रहेगी। अभी बोर्ड के ऑफिस और ब्रांच ब्लॉक ए और सी में चल रहे हैं।