पंचकूला। जिले में सोमवार को 16 नए मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसमें पंचकूला के 14 लोग जबकि बाहरी जिलों के दो लोग संक्रमित मिले हैं। सीएमओ मुक्ता कुमार ने बताया कि जिले में 141 सक्रिय मामले हैं। इसमें से 11 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 130 लोग घरों में ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। इसके अलावा सोमवार को स्वास्थ्य विभाग ने 526 सैंपल एकत्रित कर जांच के लिए लैब भेजे हैं। इसकी रिपोर्ट मंगलवार को आएगी।
कोरोना से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार टीकाकरण अभियान भी चलाया जा रहा है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजीव नरवाल ने बताया कि अब तक जिले में 47951 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 47391 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 419 लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग ने 660070 लोगों के सैंपल जांचे हैं। सीएमओ मुक्ता कुमार ने लोगों से अपील कर कहा है कि कोरोना से बचाव के सभी जरूरी नियमों का लोग पालन करें।
अगर किसी को खांसी, जुकाम हो तो लोग अस्पताल के कोविड वार्ड में जाकर अपना कोरोना टेस्ट करवा सकते हैं। लोग अपने बचाव के लिए मास्क और सामाजिक दूरी का भी पालन करें।