पंचकूला। जिले में मंगलवार को कोरोना के 137 नए मामले सामने आए हैं। इसमें पंचकूला के 98 नए मरीज हैं। 39 मामले बाहरी जिलों और प्रदेशों के हैं। जिले में अब सक्रिय मरीजों की संख्या 290 पहुंच गई है। नौ मरीज अस्पताल में भर्ती है। सीएमओ मुक्ता कुमार के अनुसार 281 संक्रमित अपने घरों पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
इसके अलावा सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में नौ मरीज भर्ती हैं। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से मंगलवार को 776 सैंपल एकत्रित कर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। इसकी रिपोर्ट बुधवार को आएगी। कोरोना से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से लगातार टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही टीका लगवाने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजीव नरवाल ने बताया कि अब तक जिले में 46337 लोग संक्रमित हो चुके हैं।
इनमें से 45631 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। 416 लोगों की मौत हुई है। अब तक स्वास्थ्य विभाग ने 644984 लोगों के सैंपल जांचे हैं। सीएमओ मुक्ता कुमार ने अपील कर कहा है कि कोरोना से बचाव के सभी जरूरी नियमों का लोग पालन करें। अगर किसी को खांसी, जुकाम हो तो लोग कोविड वार्ड में जाकर अपना टेस्ट करवा सकते हैं। इसके अलावा लोग अपने बचाव के लिए मास्क और सामाजिक दूरी का पालन करें।