पिंजौर। गांव मढ़ावाला निवासी दुकान संचालक साइबर क्राइम का शिकार होकर 38 हजार रुपये गंवा बैठा। शातिर ठगों ने 18 हजार रुपये कुरुक्षेत्र के एक अकाउंट में ट्रांसफर किए और 20 हजार रुपये एटीएम मशीन से निकाल कर पीड़ित व्यक्ति को 38 हजार रुपये की चपत लगा दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता लाल मोहम्मद ने बताया कि उसकी मढ़ावाल में आलम ऑटो सर्विस सेंटर के नाम से एक दुकान है। उसके पास नया एटीएम कार्ड आया था और वह उसे एक्टिवेट करने के लिए 29 मार्च को एसबीआई बैंक के एटीएम गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि जब वह एटीएम केबिन में नए एटीएम कार्ड का पिन सेट कर रहा था तो उस दौरान एक युवक उसके पीछे आ कर खड़ा हो गया और पिन बदलने की सारी प्रक्रिया देखता रहा। कुछ देर बाद वह युवक वहां से चला गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि करीब आधे घंटे बाद उसके पास मेसेज आया कि उसके बैंक खाते से 38 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं। बैंक जाकर पूछने पर पता चला कि अज्ञात आरोपी की ओर से बद्दी शहर में स्थित एसबीआई एटीएम से 20 हजार रुपये निकाले गए हैं जबकि 18 हजार रुपये नरेश कुुमार नाम के व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।