कल से घर बैठे मिलेगी ड्राइविंग टेस्ट की तारीख
सबहेड
अब शहरवासियों को नहीं लगानी पड़ेगी आरएलए की दौड़
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। ड्राइविंग लाइसेंस के टेस्ट के लिए अब आपको आरएलए ऑफिस के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। डीसी ऑफिस से परमिशन मिलने के बाद पांच फरवरी से आरएलए ऑनलाइन अप्वॉइंटमेंट प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। अब शहर के लोग घर बैठे लाइसेंस टेस्ट का अप्वाइंटमेंट डिपार्टमेंट की वेबसाइट पर जाकर सीधे ले सकते हैं। इस व्यवस्था से अब लोगों को ड्राइविंग टेस्ट के लिए लंबी लाइनों में नहीं लगना होगा। अभी तक लर्निंग लाइसेंस होल्डरों को सेक्टर-23 के चिल्डन पार्क में जाकर टेस्ट देना पड़ता है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद आम लोगों को काफी राहत मिलेगी।
अधिकारियों के अनुसार, ड्राइविंग टेस्ट के लिए 5 फरवरी से ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट मिलने शुरू हो जाएंगे। इसके लिए आरएलए सॉफ्टवेयर पर अपना मोबाइल नंबर, पता सहित अन्य ब्योरा देना होगा। इसके बाद ड्राइविंग टेस्ट का दिन अलॉट हो जाएगा। उसके बाद आप निर्धारित समय पर जाकर टेस्ट दे सकेंगे।