पंजाबी मुटियार में लोहड़ी का धमाल
- पंचकूला लेडीज क्लब ने ठुमके, कैटवॉक के साथ जमकर मस्ती करते हुए सेलीब्रेट की लोहड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब की संस्कृति को बया करती लोहड़ी को पंचकूला लेडीज क्लब ने अपने ही अंदाज में सेक्टर-26 स्थित ज्वैलरी शो में सेलीब्रेट किया। किसी ने मंच पर ठुमके लगाए तो किसी ने कैटवॉक से सभी का दिल जीत लिया। इस दौरान क्लब की ओर से जमकर मस्ती की गई। पार्टी का थीम पंजाबी मुटियार था। इस थीम को लेकर क्लब की सभी लेडीज फुलकारी, पंजाबी जूतियां, मांग टिक्का पहनकर पंजाबी मुटियार बनकर पार्टी में पहुंचीं। पार्टी में करीब सौ लेडीज ने हिस्सा लिया और सभी ने लोहड़ी को जमकर सेलीब्रेट किया।
पंजाबी गीतों पर खूब थिरकी महिलाएं
पंजाबी में डीजे से लेकर गायिका मीता खन्ना और गायक रमन गुजराल ने अपने गीतों पर महिलाओं को खूब नचाया। वहीं किशु भाटिया, रेनू सरवन, अंजू सोनी एन मधु सिंह द्वारा पंजाबी बोली बोली गईं। इस दौरान पार्टी का माहौल देखने लायक था। पंजाबी बोलियाें पर सभी महिलाओं ने एक साथ गिद्दा डांस किया। पार्टी में नौ साल की इबादत बंसल किड गेस्ट थीं। अंत में सभी लेडीज ने लोहड़ी को मूंगफली, रेवड़ी और गजल के हलवे को खाकर मनाया। क्लब की अध्यक्ष शारदा ने बताया कि हर साल क्लब की ओर से लोहड़ी पर स्पेशल पार्टी का आयोजन किया जाता है।