कम्युनिटी सेंटर पर एक साथ दिखेंगे युवा और बुजुर्ग
खेर ने सेक्टर-50 के कम्युनिटी सेंटर का उद्घाटन किया
मेयर बोले, अब संपर्क केंद्रों से हो जाएगी बुकिंग
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। भाजपा सांसद किरण खेर ने शनिवार को मेयर देवेश मोदगिल की मौजूदगी में सेक्टर-50 में बने कम्युनिटी सेंटर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सांसद खेर ने कहा कि उन्हें खुशी है कि सेक्टर-50 के निवासियों को कम्युनिटी सेंटर मिल गया है, जहां उन्हें विभिन्न समारोह करने के लिए एक उपयुक्त जगह मिल जाएगी। इन कम्युनिटी सेंटर्स का उद्देश्य शहर के नागरिकों को बेहतर सेवाएं देना है। कम्युनिटी सेंटर एक ऐसा स्थल जहां युवा से लेकर बुजुर्ग अपनी विभिन्न गतिविधियों के लिए सब साथ मिलते हैं।
मेयर देवेश मोदगिल ने कहा कि चंडीगढ़ नगर निगम ने सभी कम्युनिटी सेंटर्स के लिए सेंट्रलाइज्ड बुकिंग सिस्टम शुरू किया है। इसके तहत शहर के किसी भी ई-संपर्क सेंटर से आसानी से बुकिंग हो जाती है।
6.9 करोड़ की आई लागत
इस मौके पर एरिया काउंसिलर हीरा नेगी ने कहा कि यह कम्युनिटी सेंटर शहर का बेहतर कम्युनिटी सेंटर है। यहां संपर्क सेंटर के अलावा दुल्हन और दूल्हे के लिए कमरे, टॉयलेट्स, किचन एंड पैंट्री हॉल, केयरटेकर रूम आदि शामिल हैं। यह कम्युनिटी सेंटर 1.30 एकड़ में बना है और इसके निर्माण पर 6.92 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इस सेंटर में 450 लोगों की व्यवस्था एक समय पर हो पाएगी और सेंटर में 55 फोर व्हीलर पार्क हो पाएंगे। इससे पहले सांसद खेर ने सेक्टर-39 स्थित वाटर वर्क्स में 66 केवी सब स्टेशन का नींव पत्थर भी रखा। इसका निर्माण कार्य हरटेक पावर कंपनी ने कराया है।
खेर ने इंटेग्रेटेड लाइब्रेरी आम लोगों को समर्पित की
सांसद किरण खेर ने सेक्टर-48 के कम्युनिटी सेंटर में बनी इंटेग्रेटेड लाइब्रेरी भी लोगों को समर्पित की। इस लाइब्रेरी के लिए खेर ने सांसद निधि से 7 लाख रुपये दिए थे। इस मौके पर मेयर देवेश मोदगिल और डायरेक्टर हायर एजुकेशन रूबिंदरजीत सिंह बराड़ भी मौजूद रहे। खेर ने कहा कि चंडीगढ़ नगर निगम ने लोगों में किताब पढ़ने और किताबों का आदान प्रदान करने की आदत की पहल की है। नगर निगम ने लोगों को यह सुविधा दी है जिसका लाभ लोगों को उठाना चाहिए। मेयर ने कहा कि इस लाइब्रेरी में 6 टेबल और 25 कुर्सियां लगाई गई हैं। चंडीगढ़ की स्टेट लाइब्रेरी ने किताबों के अलावा बच्चों के लिए छोटी टेबल प्रदान की है।