सावन आज से, शिवालयों में तैयारियां पूरी
मंदिर कमेटियां खीर और मालपुए का भंडारा आयोजित करेंगी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
सोमवार से सावन का महीना शुरू हो रहा है। शिवालयों में श्रद्धालु भगवान शिव का अभिषेक करेंगे। शाम में भगवान का शृंगार होगा और आरती के बाद प्रसाद बांटा जाएगा। सेक्टर-30 के शिव शक्ति मंदिर में रोजाना शाम में एक घंटे मेडिटेशन पूजा होगी।
सावन शुरू होने से पहले मंदिर कमेटियों ने तैयारी पूरी कर ली हैं। हर सोमवार को मंदिर कमेटियां खीर और मालपुए का भंडारा आयोजित करेंगी। भक्तों को परेशानी न हो इसके लिए मंदिर कमेटियों के पदाधिकारी निगरानी करेंगे। शिवालयों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा। सेक्टर-18 के श्रीराधा कृष्ण मंदिर के प्रधान सुनील चोपड़ा ने बताया कि हर सोमवार को खीर और मालपुए का प्रसाद बांटा जाएगा। सेक्टर-28 स्थित खेड़ा शिव मंदिर के प्रमुख पुजारी ईश्वर शास्त्री ने बताया कि मंदिर में शिव पुराण कथा हर दिन होगी। सेक्टर-46 के श्री सनातन धर्म मंदिर के प्रधान जतिंदर भाटिया ने कहा कि मंदिर में भव्य आयोजन होगा। सावन में मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ जाती है। सोमवार को मंदिर में भारी भीड़ होती है। सेक्टर-30 के श्री महाकाली मंदिर के प्रधान राकेश पॉल मौदगिल ने बताया कि 15 से 21 जुलाई तक मंदिर में शिव कथा का आयोजन होगा। हर शनिवार और सोमवार को खीर और मालपुए का भंडारा लगेगा। सेक्टर-40 के श्री हनुमंत धाम की प्रधान नीना तिवारी ने बताया कि मंदिर में भगवान शिव का हर दिन अलग अलग तरीके से शृंगार होगा। सेक्टर-30 के शिव शक्ति मंदिर के प्रमुख पुजारी श्याम सुंदर शास्त्री ने बताया कि हर रोज बाबा भोले का भव्य शृंगार किया जाएगा। हर दिन शाम में एक घंटे मेडिटेशन पूजा होगी। सेक्टर-22 स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर के महासचिव धर्मपाल सूरी ने बताया कि बड़ी संख्या में शिव भक्त मंदिर में भगवान का जलाभिषेक के लिए पहुुंचते हैं।
सावन का आरंभ और अंत सोमवार को
पांच सोमवार होगा इस बार के सावन में
सावन का शुभारंभ सोमवार 10 जुलाई को सुबह पांच बजकर 32 मिनट पर शुरू हो रहा है। श्रावण शुक्ल पक्ष प्रतिपदा भी सोमवार से शुरू हो रहा है। सेक्टर-30 के श्री महाकाली मंदिर स्थित भृगु ज्योतिष केंद्र के प्रमुख बीरेंद्र नारायण मिश्र ने बताया कि इस बार सावन में शिव महाजयंती योग बन रहा है। यह योग 26 वर्षों के बाद आया है। उनका कहना है कि सावन का आरंभ और अंत सोमवार को होगा। सावन में पांच सोमवार होने और कन्या राशि में बृहस्पति होने के कारण शिव महाजयंती योग बन रहा है। ऐसा होने से सभी ओर सुख-शांति और आनंद मंगल जीवन रहेगा। देवालय पूजक परिषद् के कोषाध्यक्ष डॉ. लाल बहादुर दुबे ने बताया कि भगवान शिव एक लोटा जल में भी प्रसन्न होनेवाले देवता हैं। जय श्रीराम ज्योतिष केंद्र सेक्टर-15 के प्रमुख स्वामी राम बहादुर मिश्र ने बताया कि मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक और रुद्राभिषेक होगा। इसके लिए लोगों ने पुजारियों की बुकिंग करानी शुरू कर दी है।