पंचकूला। देर रात सेक्टर-12ए और 14 की डिवाइडिंग पर कैंटर चालक की लापरवाही से मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान राजेंद्र गुप्ता और विपुल ठाकुर महेशपुर निवासी के रूप में हुई है। सेक्टर-14 पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-20 कुंडी निवासी दीपक ने बताया कि वह मोहाली स्थित निजी कंपनी में काम करता है।
शुक्रवार रात वह ड्यूटी से घर जा रहा था। रात करीब डेढ़ बजे वह अमरटैक्स चौक से होकर सेक्टर-20 जा रहा था। उसके आगे एक मोटरसाइकिल पर तीन लड़के सवार होकर जा रहे थे। जब वह सेक्टर 12-ए और 14 की डिवाइडिंग पर पहुंचा तो जीरकपुर की तरफ से एक वीटा दूध का कैंटर चालक तेजी से आया और सेक्टर-14 की तरफ कट पर देखे बिना टर्न करके एकदम ब्रेक लगा दी। मोटरसाइकिल सवार तीनों लड़के कैंटर की पिछली साइड से टकरा गए।
तीनों सवार घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद चालक कैंटर समेत फरार हो गया। राह चलते लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद एंबुलेंस ने तीनों को उपचार के लिए सेक्टर-6 स्थित सामान्य अस्पताल पहुंचाया। जांच के बाद डॉक्टर ने दो लड़कों को मृत घोषित कर दिया। तीसरे की हालत नाजुक देखकर उसे पीजीआई रेफर कर दिया। तीसरे लड़के की अभी पहचान नहीं हुई है।
कार ने स्कूटर सवार को मारी टक्कर, मौत
पंचकूला। चौकी गांव के पास कार चालक ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार की मौत हो गई। चंडीमंदिर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। राहुल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सेक्टर-17 पंचकूला में नौकरी करता है। उसका जीजा अजय छह साल से डीसी रेट पर शक्ति भवन सेक्टर- 6 पंचकूला में डिस्पेंसरी में नौकरी करता था। शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे शिकायतकर्ता का जीजा अजय कुमार अपनी स्कूटी पर गांव कोट की तरफ जा रहा था।
उसके पीछे वह भी अपनी मोटरसाइकिल से गांव बेलवाली जा रहा था। गांव चौकी के मोड़ के नजदीक हाईवे पर उसके जीजा को एक सफेद रंग की कार चालक ने टक्कर मार दी। इसके घायल को उपचार के लिए सेक्टर-6 स्थित सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान शिकायतकर्ता के जीजा अजय की मौत हो गई। अस्पताल से चंडीमंदिर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।