किसानों पर होगी सियासत, अंदाज रहेगा जुदा-जुदा
कांग्रेस के पूर्व सीएम हुड्डा, प्रदेशाध्यक्ष तंवर, मीडिया विभाग प्रभारी सुरजेवाला अलग-अलग करेंगे आंदोलन
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
मध्यप्रदेश की तर्ज पर हरियाणा में भी किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने आंदोलन का एलान कर दिया है। लेकिन कांग्रेस के इस आंदोलन की रणनीति और अंदाज अलग-अलग रहेगा। किसानों की समस्याओं पर कांग्रेस के अलग-अलग नेताओं ने आंदोलन छेड़ने का फैसला किया है।
राहुल का जन्मदिन किसान आंदोलन को रहेगा समर्पित
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने बताया कि 19 जून को राहुल गांधी का जन्मदिन हरियाणा में किसान आंदोलन को समर्पित रहेगा। उनके अनुसार, इसी उपलक्ष्य में 18 को किसानों की समस्याओं समेत बिजली-पानी संकट के विरोध में कांग्रेस अपना सत्याग्रह शुरू करेगी। 19 जून को राहुल के जन्मदिन पर हर जिले में रक्तदान शिविर होगा। इसी तरह एक हफ्ते तक किसान आंदोलन के समर्थन में विभिन्न कार्यक्रम कांग्रेस आयोजित करेगी, जिसमें पदयात्राएं, धरने, प्रदर्शन, मौन जुलूस इत्यादि शामिल रहेंगे।
पूर्व सीएम की बैठक आज, तंवर करेंगे किनारा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने 13 जून को अपने दिल्ली आवास में कांग्रेस के सभी विधायकों के साथ-साथ पूर्व विधायकों, सांसदों, पूर्व सांसदों और प्रमुख नेताओं को बुलाया है। इस बैठक में हुड्डा प्रदेश में किसान आंदोलन की रणनीति तय करेंगे, लेकिन प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर इस बैठक से किनारा करेंगे। तंवर ने कहा कि कांग्रेस के बैनर तले आंदोलन राहुल गांधी के जन्मदिन से एक दिन पहले शुरू किया जा रहा है, ये पार्टी का आंदोलन है, किसी का व्यक्तिगत नहीं। इसलिए सभी कांग्रेसियों को इसी आंदोलन में शिरकत कर किसानों की लड़ाई मिलकर लड़नी चाहिए।
सुरजेवाला 15 जून को जींद में ठोकेंगे ताल
स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने से लेकर कर्ज माफ कराने समेत विभिन्न मुद्दों पर आंदोलन का एलान करने वाली कांग्रेस के तीसरे चरण में कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी ताल ठोक दी है। सुरजेवाला 15 जून को जींद में होने वाले सांकेतिक धरने की अध्यक्षता करेंगे। इस दौरान कांग्रेसी नेता अर्द्धनग्न प्रदर्शन कर कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला को भी घेरेंगे। इसी दिन उपायुक्त के माध्यम से राज्य व केंद्र सरकार को ज्ञापन भी भेजा जाएगा।