पंचकूला। जिले में बुधवार को कोरोना के 118 नए संक्रमित सामने आए हैं। इनमें पंचकूला से 102 केस आए हैं, जबकि 16 केस बाहर से आए हैं। जिले में अभी कोरोना के 312 मरीज सक्रिय हैं। वहीं चार मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। पंचकूला के सीएमओ मुक्ता कुमार ने बताया कि 308 मरीज अपने घर पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं और सेक्टर-6 के सिविल अस्पताल में चार मरीज भर्ती हैं।
कोरोना के मरीज मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को 651 सैंपल एकत्र करके जांच के लिए लैब में भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट वीरवार को आएगी। कोरोना से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही टीका लगवाने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजीव नरवाल ने बताया कि अब तक जिले में 45971 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 45243 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं और 416 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक स्वास्थ्य विभाग ने 641754 लोगों के सैंपल जांचे हैं। पंचकूला सीएमओ मुक्ता कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना से बचाव के सभी जरूरी नियम का लोग पालन करें। अगर किसी को खांसी, जुकाम हो तो लोग अस्पताल के कोविड वार्ड में जाकर अपना कोरोना का टेस्ट करवा सकते हैं। इसके अलावा लोग अपने बचाव के लिए मास्क और सामाजिक दूरी का पालन करें। पंचकूला वैक्सीनेशन इंचार्ज मीनू सासन ने बताया कि 12 से 14 साल के 84.7 फीसदी बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका है। वहीं 15 से 17 साल के बच्चों का 89.1 फीसदी टीकाकरण किया गया है।