न्यू सेक्रेटिएट के लिए आज से निकाले जाएंगे टेंडर
एमएचए से मिली मंजूरी, 2020 के लास्ट तक यूटी सचिवालय को मिल जाएगी अपनी बिल्डिंग
- करीब 10 साल बाद नई बिल्डिंग के निर्माण का रास्ता हो पाया साफ
अनुभव अवस्थी
चंडीगढ़। तकरीबन 10 साल बाद चंडीगढ़ प्रशासन सेक्टर-9डी स्थित न्यू सचिवालय बिल्डिंग के निर्माण कार्य का रास्ता साफ हो गया है। सोमवार से भवन निर्माण के लिए इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट की ओर से टेंडर जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। यूटी सचिवालय की न्यू बिल्डिंग का निर्माण कार्य सीएचबी और डीलक्स भवन के बीच में लगभग 72 करोड़ रुपये से होना है। टेंडर जारी उठने के बाद 2020 के आखिरी तक यूटी सचिवालय को अपना नया भवन मिल जाएगा।
यूटी सचिवालय के नए भवन का शिलान्यास वर्ष 2007 हुआ था। इसके करीब नौ साल बाद एमएचए ने इसे बनाने के 72 करोड़ के फंड को क्लियरेंस दे दी थी। अब जाकर एमएचए ने इसका अप्रूवल लेटर जारी कर दिया गया है। एमएचए से लेटर आने के बाद इंजीनियरिंग विभाग इस बिल्डिंग को बनाने के लिए टेंडर कॉल करने जा रहा है। इस संदर्भ में यूटी प्रशासन के चीफ इंजीनियर मुकेश आनंद ने बताया कि सोमवार को टेंडर जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसे जल्द से जल्द पूरा भी करना है। टेंडर का काम पूरा होने के बाद करीब डेढ़ साल का समय नई बिल्डिंग बनने में लग जाएगा।
फाइव स्टार वाली होगी पहली बिल्डिंग
यूटी सचिवालय के नए भवन को 2020 तक बनकर तैयार हो जाना है। इसके बाद प्रशासन सिटी के अन्य भागों में बिखरे प्रशासनिक ऑफिसों एक ही छत के नीचे आ जाएंगे। यूटी सेक्रेटेरिएट की अपनी बिल्डिंग नहीं होने के चलते सालों से कई प्रशासनिक डिपार्टमेंट इंजीनियरिंग भवन की बिल्डिंग में चल रहे हैं। यही वजह है कि नई बिल्डिंग बनने के बाद लोगों को अपने कामों को कराने के लिए इधर उधर भागना नहीं पड़ेगा। ये न्यू बिल्डिंग सेक्टर-9 डी के प्लॉट नंबर-7 में सात मंजिला होगी। पूरी बिल्डिंग ह्यूमिडिटी फ्री होगी। इसे ग्रीन हाउस नॉर्म पर बनाया जाएगा। शहर की ये पहली 5 स्टार वाली बिल्डिंग होगी।
आब्जेक्शन के बाद दोबारा बना एस्टीमेट
25 सितंबर 2007 को यूटी सचिवालय की बिल्डिंग का शिलान्यास हुआ था। तब इसके एक फेज का एस्टीमेट 9.39 करोड़ रुपये रखा गया था। इसके बाद प्रशासन के इंजीनियरिंग विभाग ने जून 2014 में इस बिल्डिंग का एस्टीमेट 76.78 करोड़ रुपये बनाया था। लेकिन एमएचए के ऑब्जेक्शन के चलते एस्टीमेट दोबारा बनाया गया था।
ऐसा होगा नए भवन का आकार
यूटी सचिवालय का नया भवन 2.72 एकड़ एरिया में बनेगा। बेसमेंट एरिया 55 हजार 616 वर्ग फुट में फैला होगा। वहीं ग्राउंड फ्लोर एरिया 52 हजार 9 वर्ग फुट का होगा। जबकि प्रथम फ्लोर 19 हजार 35 वर्ग फुट होगा। इसके अलावा हर फ्लोर का एरिया 16 हजार 647 वर्ग फुट होगा। इसके प्लान को चीफ आर्किटेक्ट ने 6 नवंबर 2013 को अप्रूवल किया था।
हाइटेक होगी बिल्डिंग
बिल्डिंग की बेसमेंट में पार्किंग, एयर कंडीशनिंग कंट्रोल रूम, पावर कंट्रोल रूम और फायर कंट्रोल रूम बनेंगे। ग्राउंड फ्लोर के एक सिंगल स्टोरी पोर्शन में एनआईसी रूम बनेगा, संपर्क सेंटर, ऑडिटोरियम, कॉमन फंक्शन एरिया, कंटीन, पेंट्री किचन, चार नंबर लिफ्ट और सीढ़ियां इसमें होंगी। इसी में सेक्रेटरी ऑफिसेज मीटिंग रूम और उनके पर्सनल स्टाफ के लिए कमरे बनेंगे। प्रथम फ्लोर पर दो रूम सुपरिंटेंडेंट के, दो ओपन ऑफिस प्लानिंग रूम, दो ऑफिसर्स रूम विद टॉयलेट, दो कॉमन लॉबी, सेक्रेटरी रूम एक विद टॉयलेट, मीटिंग रूम, पर्सनल स्टाफ रूम, वेटिंग रूम के साथ सीढ़ियां होंगी।