कम आयु के युवाओं को परोसी जा रही थी शराब
एक्साइज डिपार्टमेंट ने सात क्लबों एवं रेस्टोरेंट को भेजा नोटिस
- सेक्टर 26 में छह और सात का एक रेस्टोरेंट और क्लब शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। एक्साइज और टैक्सेशन डिपार्टमेंट ने बीते मंगलवार की रात सिटी के एक दर्जन से अधिक बार और रेस्टोरेंट पर छापेमारी की है। छापेमारी के दौरान बार क्लबों में 25 वर्ष से कम आयु वाले युवाओं को शराब परोसी जा रही थी। यह एक्साइज के नियम के विरुद्ध है। डिपार्टमेंट ने सात क्लबों को नोटिस जारी किया है।
सिटी में महिलाओं को एक पैग के साथ एक फ्री देने के ऑफर का खुलासा होने के बाद अब कम उम्र के युवाओं को शराब परोसने का मामला प्रकाश में आया है। शिकायत के आधार पर एक्साइज एंड टैक्सेशन डिपार्टमेंट ने बीती रात औचक छापेमारी की। जांच के दौरान पाया कि सेक्टर-26 के कई रेस्टोरेंट और क्लब में महिलाओं को स्पेशल ऑफर के तहत कम आयु के युवाओं को शराब परोसी जा रही थी। यहां पर टीम ने छह क्लब को नोटिस जारी किया है। इसके अलावा सेक्टर सात के एक क्लब पर भी ऐसे ही ऑफर के साथ युवाओं को शराब परोसी जा रही थी। इस संदर्भ में एक्साइज एंड टैक्सेशन डिपार्टमेंट के असिस्टेंट कमिश्नर राकेश कुमार पोपली ने बताया कि सात क्लब और रेस्टोरेंट को नोटिस भेजी गई है। इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इन पर हुई कार्रवाई
सेक्टर-26 के परपल फ्राग, मिनिस्ट्री ऑफ बार, टीजीआई फ्राइडे, दि ग्रेट बार, बारबेक्यू, प्ले गार्ड और सेक्टर-7 के सुल्तान रेस्टोरेंट में छापेमारी की कार्रवाई की है। इन सभी को शोकाज नोटिस जारी किया गया है।