पंचकूला। जिले में बुधवार को 114 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें पंचकूला से 82 केस आए हैं, जबकि 32 केस बाहर से आए हैं। जिले में अभी 389 केस सक्रिय हैं और इनमें से 10 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं और 379 अपने घरों में आइसोलेट हैं। सीएमओ मुक्ता कुमार ने बताया कि कोरोना के मरीज मिलने का सिलसिला लगातार जारी है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को 668 सैंपल एकत्र करके जांच के लिए लैब में भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट वीरवार को आएगी। कोरोना से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही टीका लगवाने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजीव नरवाल ने बताया कि अब तक जिले में 47019 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 46212 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं और 418 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक स्वास्थ्य विभाग ने 649387 लोगों के सैंपल जांचे हैं।
सीएमओ मुक्ता कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना से बचाव के सभी जरूरी नियम का लोग पालन करें। अगर किसी को खांसी, जुकाम हो तो लोग अस्पताल के कोविड वार्ड में जाकर अपना कोरोना का टेस्ट करवा सकते हैं। इसके अलावा लोग अपने बचाव के लिए मास्क और सामाजिक दूरी का पालन करें। पंचकूला वैक्सीनेशन इंचार्ज मीनू सासन ने बताया कि 12 से 14 साल के 86.7 फीसदी बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका है और 15 से 17 साल के बच्चों का 89.6 फीसदी टीकाकरण किया गया है।