तेल और गैस संरक्षण अभियान की शुरुआत
डीजीपी रेड्डी ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
एक माह तक लोगों को पेट्रोलियम उत्पादों के उपयोग और संरक्षण के प्रति किया जाएगा जागरूक
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पैट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की ओर से बुधवार को सेक्टर-18 स्थित टैगोर थियेटर में सक्षम-2019 (संरक्षण क्षमता महोत्सव) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पैट्रोलियम कंजर्वेशन रिसर्च एसोसिएशन (पीसीआरए) के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में पंजाब सरकार लोकपाल, डीजीपी सीएसआर रेड्डी (आईपीएस) मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे। डीजीपी रेड्डी ने जागरूकता कार्यक्रम का उद्घाटन किया। तेल उद्योग ने एक महीने के लिए तेल व गैस संरक्षण अभियान शुरू किया है। यह अभियान 16 जनवरी से 15 फरवरी तक चलेगा। अभियान की थीम ईंधन संरक्षण की जिम्मेदारी, जनगण की भागीदारी रखी गई। इसके माध्यम से लोगों को पेट्रोलियम उत्पादों के उपयोग और संरक्षण की जरूरत के लिए जागरूक किया जाएगा। डीजीपी रेड्डी ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन पंजाब में घूमकर तेल और गैस संरक्षण का संदेश देगा।
तेल उद्योग के कोऑर्डिनेटर संदीप जैन ने तेल व गैस संरक्षण गतिविधियों के बारे में बताया कि ईंधन के कम इस्तेमाल से पर्यावरण को किस प्रकार बचाया जा सकता है। हिंदुस्तान पेट्रोलियम के डीजीएम गगनदीप सिंह ने कहा कि हम अपने जीवन में आसान तरीके अपनाकर उपलब्ध साधनों का विवेकपूर्ण उपयोग कर सकते हैं। कार्यक्रम में संवाद ग्रुप द्वारा संरक्षण पर एक नाटक प्रस्तुत किया गया। पीसीआरए के संजीव वर्मा ने कहा कि तेल कंपनियों द्वारा बड़े पैमाने पर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।