नोट : फोटो सहित।
कार सवार लुटेरों ने रेहड़ी वालों से लूटी नकदी और मोबाइल
- पिस्टल और चाकू दिखाकर दिया घटना को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
शहर में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। झपटमारी और लूटपाट की वारदातें आम हो चुकी हैं। सोमवार को भी शहर में कार सवार चार लुटेरों ने सेक्टर-25, 38 चौक के समीप रेहड़ी लेकर जा रहे दो लोगों को पिस्टल और चाकू दिखाकर उनसे आठ हजार रुपये और मोबाइल लूट लिए। हर बार की तरह पुलिस इस बार भी लुटेरों को पकड़ने में नाकाम रही।
लुटेरों का निशाना बने रेहड़ी चालकों की पहचान धनास की ईडब्ल्यूएस कॉलोनी निवासी धीरेंद्र और वहीं के सतबीर के रूप में हुई है। वारदात की सूचना पर पहुंची थाना-39 की पुलिस ने धीरेंद्र और सतबीर से घटना के संबंध में पूछताछ की। उन्होंने बताया कि वारदात को अंजाम देकर लुटेरे वापस कार में सवार होकर पलक झपकते ही फरार हो गए। डर की वजह से वह उनकी कार का नंबर स्पष्ट तौर पर नहीं पढ़ सके। हालांकि लुटेरों की कार सफेद रंग की इंडिका थी। पुलिस ने मामले में अज्ञात लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज कर उनका सुराग लगाने में जुटी है।
बाइक सवार झपटमार महिला से सोने की चेन छीन भागे
काले रंग की बाइक सवार दो झपटमार सेक्टर-45 के मकान नंबर-126 के सामने एक महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। उनका निशाना बनी महिला की पहचान सेक्टर-45 में ही रहने वाली भारती के रूप में हुई है। वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को भारती ने बताया कि दोनों स्नैचर हेलमेट पहने हुए थे। घबराहट में वह उनकी बाइक का नंबर नहीं देख सकी। भारती की शिकायत पर बुड़ैल चौकी की पुलिस ने केस दर्ज किया है।
राहगीर से छीनी 32 हजार नकदी और दस्तावेज
गांव धनास की झील के पास एक व्यक्ति से पैदल ही जा रहे दो अज्ञात झपटमार 32 हजार रुपये की नकदी और कुछ दस्तावेज छीनकर फरार हो गए। वारदात की सूचना पर पहुंची थाना-11 पुलिस ने पूछताछ की तो स्नैचरों का निशाना बने व्यक्ति की पहचान गांव खुड्डा लौहरा निवासी जगतार सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह झील केपास से गुजर रहे थे कि तभी पैदल जा रहे दो युवक उनके पास आए और उन्हें घेरने के बाद डरा-धमकाकर उनसे वह बैग छीन ले गए ,जिसमें कुछ दस्तावेज और 32 हजार रुपये मौजूद थे।