अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गुरप्रीत कौर की अगुवाई में टीम ने पटियाला की बाबू सिंह कॉलोनी में एक मिठाई की फैक्टरी में रेड की। इस दौरान 107 किलो खोया बर्फी और 25 किलो खोया कब्जे में लिया। इसके अलावा मौके से गुलाब जामुन, रसगुल्ला, बर्फी, ढोडा बर्फी, छैना मुर्गी, खोया बर्फी, रसगुल्ला के 5-5 सैंपल और 7 अन्य सैंपल भी भरे।
डॉ. गुरप्रीत कौर ने बताया कि फैक्टरी में खाने-पीने की चीजें बनाने में सफाई का ध्यान नहीं रखा जा रहा था। फैक्टरी का मौके पर ही चालान किया गया। जब्त की 107 किलो खोया बर्फी व 25 किलो खोया के सैंपल लेकर स्टेट फूड लैबोरेट्री खरड़ भेजे हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह के निर्देश पर उनकी टीम में शामिल फूड सेफ्टी अफसर तरुण बांसल, जसविंदर सिंह और गौरव कुमार की टीम द्वारा बाहरी राज्यों से आने वाली मिलावटी मिठाइयों और पनीर आदि को पकड़ने के लिए हरियाणा बॉर्डर पर रात को नाकाबंदी भी की जा रही है। वहीं, त्योहारों के सीजन को देखते हुए जिले भर में अलग-अलग जगहों पर रेड की जा रही है। डॉ. गुरप्रीत कौर ने कहा कि मिठाई बनाने वाले व्यापारियों को निर्देश दिए कि मिलावटी और नकली उत्पाद न बेचे जाएं। उन्होंने कहा कि अगर कोई लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करता पाया गया तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।