जनाब! ये सड़क है पार्किंग नहीं
-मनीमाजरा बस स्टैंड के बाहर सड़क पर शोरूम के दुकानदार और कर्मचारी खड़े कर रहे दो पहिया वाहन
- बसों और अन्य वाहनों को निकलने में होती परेशानी
-प्रशासन और नगर निगम नहीं दे रहा ध्यान
अमर उजाला ब्यूरो
मनीमाजरा। मनीमाजरा बस स्टैंड के सामने सड़क पर शोरूम के दुकानदार और उनके कर्मचारी द्वारा दोपहिया पार्क किए जाने से वाहनों के आवाजाही में परेशानी हो रही है। कई पर स्थिति इतनी भयंकर हो जाती है कि बस का बस स्टैंड अंदर जाना मुश्किल हो जाता है। इस मामले को लेकर कई बार बस चालकों और दुकानदारों में झड़प भी हो चुकी है, लेकिन प्रशासन व नगर निगम इस ओर आंखें मूंदे बैठा है। यहां पर हमेशा हादसों का डर बना रहता है। लोगों की मांग है कि नगर निगम तुरंत इस सड़क को खाली करवाए, ताकि आवाजाही सुनिश्चित हो सके।
शोरूम के सामने वाली यह सड़क छोटी है। इसी सड़क से सीटीयू की बसें बस स्टैंड के अंदर जाती है। बावजूद इसके सभी दुकानदार जानबूझ करके अपने दो पहिया वाहन सड़क पर खड़े करते हैं, जबकि शोरूम के आगे लोगों के चलने के बरामदे और आगे 10 फीट फुटपाथ है। इस फुटपाथ पर दुकानदार, उनके कर्मचारी और ग्राहक अपने वाहन खड़ा कर सकते हैं, लेकिन दुकानदार जानबूझ कर अपने वाहन सड़क पर खड़ा कर रहे हैं। आलम यह है कि बरामदों में दुकानदार सामान सजा कर रखते हैं, जोकि नियम अनुसार सरासर गलत है।
यह एक सोची समझी प्लानिंग लगती है। लेकिन सबसे बड़ी बात है कि इन दुकानदारों और अन्यों के खिलाफ पुलिस और नगर निगम अतिक्रमण हटाओ विंग ने कभी कार्रवाई नहीं की। न ही पुलिस ने कभी इस सड़क से वाहनों को हटवा कर मुक्त करवाने की कोशिश की। जबकि यहां से कुछ ही दूरी पर फन रिपब्लिक के पास पुलिस बीट बाक्स है। कई पर स्थिति इतनी भयंकर हो जाती है कि बस का बस स्टैंड अंदर जाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में कई बार बस चालकों और दुकानदारों की झड़प भी हुई। मामला कई बार थाने में पहुंचा। सरकारी तंत्र कभी इस और ध्यान नहीं दे रहा है।