सुरेंद्र धीमान को भेजा पांच दिन के पुलिस रिमांड पर
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
दंगा भड़काने और देशद्रोह के आरोपी सुरेंद्र धीमान को वीरवार को अदालत में पेश किया गया। आरोपी को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। 25 अगस्त को डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को पंचकूला की सीबीआई अदालत की ओर से दोषी करार दिए जाने के बाद भड़के दंगे के दौरान हिंसा भड़काने और देशद्रोह का धीमान पर आरोप है।
यौन शोषण मामले में गुरमीत राम रहीम को दोषी करार दिए जाने के बाद पंचकूला में भड़की हिंसा और आगजनी के बाद पुलिस ने आदित्य इंसा, सुरेंद्र धीमान इंसा सहित पांच के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इस मामले में पहले ही धीमान की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन अन्य आरोपियों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। माना जा रहा है कि इस मामले में आरोपी सुरेंद्र धीमान इंसा से पूछताछ के दौरान डेरा प्रवक्ता आदित्य इंसा और हनीप्रीत सहित फरार अन्य लोगों से काफी सुराग मिल सकते हैं। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी से दंगा फैलाने के लिए पांच करोड़ की रकम दिए जाने सहित उपद्रवियों के पंचकूला में दाखिल होने सहित कई और गुत्थियां सुलझने की उम्मीद की जा रही है।