अमर उजाला इंपैक्ट
फर्जी नोटिस पर एस्टेट आफिस ने शुरू की कार्रवाई
पुलिस एफआईआर दर्ज कर करेगी मामले की जांच
सभी डीएसपी को शिकायतों की रिपोर्ट तैयार करने के लिए कहा : एसएसपी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
एस्टेट आफिस की आड़ में चल रहे फर्जी नोटिस के खेल पर विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को असिस्टेंट एस्टेट आफिसर विरेंद्र चौधरी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद एसएसपी ने शहर के सभी डीएसपी को इस प्रकार की शिकायतों की रिपोर्ट तैयार करने को कहा है ताकि एस्टेट आफिस की आड़ में चल रहे फर्जी नोटिस के खेल का पर्दाफाश किया जा सके। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि हो सकता है कि एस्टेट आफिस की आड़ में कुछ लोग नोटिस भेजकर अवैध रूप से कमाई कर रहे हों। लोगों ने एस्टेट आफिस से जांच कराने को कहा है।
दरअसल, एस्टेट आफिस के नाम पर बिल्डिंग वायलेशन, मिसयूज के शोकॉज नोटिस भेजकर लोगों डराया जा रहा है। अमर उजाला में प्रकाशित खबर के बाद एस्टेट आफिस ने इस पर फौरन एक्शन लिया है। शिकायतकर्ताओं ने कहा कि एस्टेट आफिस के नाम से फर्जी नोटिस भेजकर 30 दिन के अंदर अपनी दुकानें व बिजनेस बंद करने और बिल्डिंग वायलेशन में सुधार करने को कहा गया। इसका खुलासा तब हुआ, जब कुछ लोगों ने इन फर्जी नोटिस के बारे में असिस्टेंट एस्टेट आफिसर (एईओ) विरेंद्र चौधरी को लिखित में शिकायत दी। इन फर्जी नोटिसों पर एस्टेट आफिसर के जाली हस्ताक्षर भी किए गए थे।
कोट्स
बिल्डिंग वायलेशन व मिसयूज के भेजे जा रहे फर्जी नोटिस के बारे में एसएसपी को शिकायत दे दी है। इन नोटिस की जांच कराने की मांग की है।
- संजय, सेक्टर-23
एसएसपी और संबंधित थाने में एस्टेट आफिस के नाम से आ रहे फर्जी नोटिस को लेकर शिकायत दी गई है ताकि इस मामले की जांच हो सके।
- बलराम, सेक्टर-23
पुलिस को इस मामले में जांच करने के लिए कहा है। फर्जी नोटिस भेजने वाले के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
- विरेंद्र चौधरी, असिस्टेंट एस्टेट आफिसर