शहर के सेेक्टर-17 स्थित मल्टीलेवल पार्किंग में तैनाती के पहले ही दिन एक महिला कर्मचारी से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। महिला कर्मचारी ने इसकी शिकायत नगर निगम और संबंधित ठेकेदार से की है। शिकायत के बाद शुक्रवार को पुलिस और एमसी की बैठक बुलाई गई है।
बैठक में सुरक्षा समेत अन्य मसलों पर विचार विमर्श किया जाएगा ताकि इस तरह की वारदात भविष्य न हो। आरोप है कि पार्किंग में तैनात महिला कर्मी जब नो पार्किंग जोन में खड़ी गाड़ी को हटाने के लिए कहा तो गाड़ी के मालिक ने उसके साथ छेड़छाड़ की। फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई डीडीआर व एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
गौरतलब है कि बुधवार को आर्य इंफ्रा कंपनी की ओर से नियुक्त महिला कर्मचारियों ने पार्किंग की कमान संभाल थी। 30 महिला कर्मचारियों को मल्टीलेवल पार्किंग में तैनात किया गया है। दावा किया गया था देश में पहली बार पार्किंग की जिम्मेवारी महिलाओं को दी गई है। कंपनी के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर संदीप भोरा के अनुसार महिला कर्मचारियों को सेल्फ डिफेंस के लिए ताइक्वांडो और जूडो की भी ट्रेनिंग दी जाएगी। जबकि शहर की अन्य पार्किंग 19 जून से चलनी शुरू हो जाएंगी।