फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panchkula News: बुढ़नपुर में डायरिया से 100 बीमार, 40 नागरिक अस्पताल में तो छह बच्चे आईसीयू में भर्ती

विज्ञापन
विज्ञापन
पंचकूला। सेक्टर-16 स्थित गांव बुढ़नपुर में डायरिया फैलने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। तीन दिन में 100 से अधिक पीड़ित मिले हैं। इसके अलावा नागरिक अस्पताल में करीब 40 लोग दाखिल हो चुके हैं। छह बच्चों को गंभीर हालात में आईसीयू वार्ड में रखा गया है। लोगों के अनुसार पेयजल में सीवरेज का पानी मिलने से लोग बीमार हुए हैं।
विज्ञापन


स्वास्थ्य विभाग की छह टीमों को सैंपल लेने और लोगों को जागरूक करने के लिए लगाया गया है। टीम ने पानी के 15 सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। दूसरी तरफ एचएसवीपी का कहना है कि पेयजल की पाइप लाइन में कोई फाल्ट नहीं है। एसडीओ प्रवीण सेठ्ठी के अनुसार क्षेत्र में पानी के पाइप लाइन मानक के अनुसार डाले गए हैं। मुख्य पाइप लाइनों की जांच करवा दी गई है। अब तक की जांच में कहीं भी लीकेज नहीं मिला है। रविवार को गटर की सफाई करवाई गई। पानी के सैंपलों की रिपोर्ट बुधवार को आएगी।
नाराज बुढ़नपुर निवासियों का कहना है कि कई दिनों से क्षेत्र में दूषित पेयजल की आपूर्ति हो रही है। बदबूदार पानी की वजह से लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत हुई है। डायरिया के मामले 23 मई से सामने आने लगे थे। 24 मई को सिविल अस्पताल में तीन लोग इलाज कराने पहुंचे। इसके बाद पीड़ितों की संख्या बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हुआ। छह सदस्यीय टीम अब तक 150 से ज्यादा घरों का सर्वे कर लोगों को जागरूक कर चुकी है। मरीजों का कहना है कि तीन दिन से भर्ती होने के बाद भी राहत नहीं मिली है। सीवर का पानी मिलने के बाद हालात खराब हुए हैं।
विज्ञापन

दवा लेने के बाद मिली राहत
दो दिन से पेट खराब होने के बाद दवा ली। दवा खाने के बाद राहत मिली है। डॉक्टरों ने उबला पानी ओआरएस के साथ पीने की सलाह दी है। - शुभम, मरीज

पेट खराब होने के बाद दवा ली
पेट खराब होने के बाद सिविल अस्पताल में डॉक्टर को दिखाया। डॉक्टर की दवा लेने के बाद आराम मिला है। डायरिया होने से दिक्कत हुई थी। -हर्ष, मरीज
तीन दिन से राहत नहीं मिली
मैं सिविल अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में तीन दिन से भर्ती हूं। दवा खाने और ग्लूकोज चढ़ने के बाद भी राहत नहीं मिली है। कमजोरी महसूस हो रही है। पेयजल में सीवर का घुला पानी आ रहा है। इस कारण बीमारी फैल गई है। लगातार कमजोरी के कारण परेशानी हो रही है। - राजदीप कौर, मरीज
लूज मोशन के साथ हो रही उल्टी
मैं अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में तीन दिन से भर्ती हूं। अभी तक लूज मोशन और उल्टी के कारण परेशानी बनी हुई है। दवा खाने के बाद अभी तक तबीयत ठीक नहीं हुई है। गर्मी के कारण लगातार परेशानी बनी हुई है। -सुनीता, मरीज

तीन दिन पहले बच्चे को कराया भर्ती
इलाज के लिए तीन दिन पहले बच्चे को भर्ती कराया। खराब पानी के कारण तबीयत बिगड़ी है। आईसीयू वार्ड में रखने के बाद तबीयत ठीक हुई है। अभी डॉक्टरों ने दो दिन ऑब्जरवेशन में रखा है। -परविंदर सिंह, परिजन

जांच के लिए नहीं आया कोई
पंचकूला। बुढ़नपुर में पाइप लाइन में लीकेज के कारण डायरिया फैला है। लोगों के अनुसार 23 मई से सीवरेज युक्त पानी घरों तक पहुंच रहा है। उमेश, मोहम्मद मतीन सहित आसपास के लोगों का आरोप है कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर एचसवीपी का एक भी मुलाजिम पानी कनेक्शन की जांच करने के लिए मौके पर नहीं आया। परिणामस्वरूप गांव में डायरिया ने पैर पसार लिए, अब यहां के हालात बिगड़ते जा रहे हैं। एचएसवीपी के इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों के अनुसार 24 मई की शाम को पानी के चार सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। इसकी रिपोर्ट वीरवार तक जाएगी।
14 साल पहले डाली पाइप लाइन
सेक्टर-16 के बुढ़नपुर में करीब 14 साल पहले पानी और सीवरेज की पाइप लाइन डाली गई थी। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के एसडीओ प्रवीण सेठ्ठी ने बताया कि पानी के पाइप लाइन मानक के अनुसार डाले गए हैं। मुख्य पाइप लाइनों की जांच करवा दी गई है। अब तक की जांच में कहीं भी लीकेज नहीं मिला है। गटर की सफाई भी करवाई जा रही है। रविवार को भी गटर की सफाई करवाया गया है।

हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के इंजीनियरिंग विंग को कई बार बुढ़नपुर में पाइप लाइन की समस्या से अवगत करा चुकी हूं। यहां अक्सर पेयजल के साथ सीवरेज मिक्स हो जाता है। इस तरह की लोगों शिकायत मिली है। सोमवार को एचएसवीपी को समस्या से समाधान के लिए पत्र लिखूंगी। -उषा रानी, पार्षद वार्ड नंबर-07 पंचकूला
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें