संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-20 श्मशान घाट के समीप लगातार स्नैचिंग और लूट की वारदातें बढ़ती जा रही हैं। पुलिस बदमाशों पर लगाम नहीं लगा पा रही है। शुक्रवार शाम को भी श्मशान घाट के समीप एक बाइक सवार से 10 हजार 800 रुपये छीनने का मामला सामने आया है। सेक्टर-20 थाना पुलिस पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस के अनुसार, गांव कुंडी निवासी छत्रपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सात साल से कूरियर का काम करता है। उसके पिता जीरकपुर में माली का काम करते हैं।
शुक्रवार शाम को वह अपने पिता को बाइक से छोड़कर वापस जीरकपुर जा रहा था। शाम करीब साढ़े 5 बजे वह श्मशान घाट के नजदीक पहुंचा तो पीछे से स्पलेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो लड़कों ने उसे रोक दिया। उसी समय दो और लड़के पैदल आ रहे थे। वे भी मोटरसाइकिल सवारों के साथ मिलकर उसे धमकाने लगे। इसके बाद 10 हजार 800 रुपये छीनकर चारों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए। इसके तुरंत बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर सेक्टर-20 थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल की जांच की।
2 जनवरी को लूटे थे 6.62 लाख रुपये
2 जनवरी को कूरियर कंपनी का कैश लेकर जा रहे कर्मचारी से 6.62 लाख रुपये लूटे थे। तीन बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। सेक्टर-20 पुलिस ने बलटाना निवासी रामचंद्र की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हुई हैं, लेकिन अभी तक बदमाशों का पता नहीं चला है।
10 जनवरी को भी हुई थी स्नैचिंग
सेक्टर-20 निवासी अनिकेत शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 10 जनवरी की रात करीब 9 बजे वह मोहाली से डयूटी करके अपने घर आ रहा था। जब वह सेक्टर-20 श्मशान घाट वाली सड़क पर पहुंचा तो वह एक्टिवा को साइड में खड़ा करके लघुशंका करने लगा। तभी पीछे से तीन लड़कों ने आकर उसे पकड़ लिया। उसकी जेब से सैलरी के 15 हजार रुपये निकालकर वहां से भाग गए।
आरोपियाें के बहुत नजदीक हैं। जल्द ही उनको पकड़ लिया जाएगा। इसके अलावा स्थायी नाका भी लगाया जाएगा। -वीरेंद्र शर्मा, एसएचओ, सेक्टर-20