पंचकूला। लोगों को विभिन्न प्रकार के प्रलोभन देकर उनकी गाढ़ी कमाई पर हाथ साफ करने का सिलसिला फिलहाल थमा नहीं है। इस बार एक शातिर ने बरवाला निवासी ब्रह्मदत से उन्हें बैंक से लोन दिलाने का झांसा देकर डेढ़ लाख रुपये ठग लिए। ब्रह्मदत की शिकायत पर थाना चंडी मंदिर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी के तहत केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उनकी बरवाला में फोटोस्टेट की दुकान है। बताया कि फरवरी 2019 में उनकी मुलाकात नारायणगढ़ अंबाला निवासी बलविंद्र सिंह से हुई थी। उसने उन्हें बताया कि वह लोन दिलवाने का काम करता है। आरोपी ने उन्हें हाउस लोन की आवश्यकता होने पर कहा कि वह पीएनबी हाउसिंग चंडीगढ़ से पुराने मकान पर बीस लाख रुपये का लोन करवा सकता है। आरोपी ने ब्रह्मदत को भरोसे में लेने के लिए उन्हें एसबीआई का कार्ड भी दिखाया। आरोपी ने उन्हें कहा कि वह एसबीआई का कर्मचारी है और सभी बैंकों में उसकी अच्छी पहचान है। ब्रहमदत ने आरोपी पर भरोसा कर लोन के लिए अपने सभी दस्तावेज तैयार कर चेक और शपथ पत्रों समेत बलविन्द्र सिंह उर्फ लक्की को दे दिए। उन्होंने भीम सिंह निवासी गांव भगवानपुर की लोन की फाइल भी लोन के लिए बलविन्द्र सिंह को दी। बलविन्द्र सिह ने भी विश्वास दिलाने के लिए उन्हें दो खाली चेक दे दिए। आरोपी ने फाइल पर कुछ खर्च आने की बात कही।
इसके बाद ब्रह्मदत ने आरोपी के बैंक खाते में 15 मार्च 2019 को 39 हजार रुपये जमा कराए। फिर 13 मार्च 2019 को 11 हजार रुपये जमा कराए। आरोपी ने ब्रहमदत से बैंक के माध्यम से 95 हजार रुपये और करीब 55 हजार रुपये कैश ले लिए। लेकिन ठगी का पता लगने पर ब्रहमदत ने पुलिस को शिकायत दी और बताया कि बलविन्द्र सिंह साथियों सहित गिरोह के रूप में काम कर लोगों को लोन दिलाने का झांसा देकर उनसे धोखाधड़ी करता है। आरोपी ने ब्रह्मदत के दोस्त भीम सिंह से भी धोखाधड़ी की। पुलिस केस दर्ज कर आगामी जांच में जुटी है।