श्याम नगर में मां और बहन के साथ किराए के मकान में रह रहा था युवक
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। कैंप थाना क्षेत्र के अलावलपुर चौक के नजदीक बुधवार सुबह खाली प्लॉट में तखत पर संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिला। शव के पास ही उसकी स्कूटी भी खड़ी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया।
कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल के अनुसार, गांव मांदकोल निवासी अंजलि, पुत्री राधेश्याम ने पुलिस को बताया कि वह मां और भाई हर्ष के साथ श्याम नगर में किराए के मकान में रहती है। मंगलवार शाम हर्ष स्कूटी लेकर घर से निकला था और 10-15 मिनट में आने की बात कही थी। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
बुधवार की सुबह परिजनों को सूचना मिली कि अलावलपुर चौक के पास खाली प्लॉट में हर्ष की स्कूटी खड़ी है और पास ही तखत पर एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचने पर शव हर्ष का होने की पुष्टि हुई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।