संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। रोजका मेव थाना क्षेत्र के गांव कंवरसिका में झाड़ियों के बीच युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही रोजका मेव थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नूंह के नागरिक अस्पताल भेज दिया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए सीएचसी नूंह में पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया, जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में मेडिकल बोर्ड से करवाया गया।
मृत युवक की पहचान 32 वर्षीय अब्दुल, निवासी गांव सांचोली, जिला गुरुग्राम के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों को सूचना देकर बुला लिया गया है। वहीं मृतक के भाई ने बताया कि उसके चेहरे व शरीर के कई अन्य अंगों पर चोट के निशान तथा दोनों पैरों के पंजे टूटे हुए है। मोटरसाइकिल रोड पर सुरक्षित खड़ी थी और शव 50 फीट अंदर दूर झाड़ियों में मिला था।
रोजका मेव थाना प्रभारी विनोद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला नशे की ओवरडोज से मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।