बिजली निगम के जेई और एसडीओ पर लापरवाही का आरोप, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
संवाद न्यूज
होडल। मुंडकटी थाना क्षेत्र के गांव लोहिना में घर की दीवार पर तराई करते समय 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आने से युवक मनोज की मौत हो गई। उसके चाचा सुमेर सिंह ने बिजली निगम के जेई और एसडीओ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लोहिना निवासी सुमेर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चार अक्तूबर की सुबह करीब 9 बजे मनोज, पुत्र रणवीर घर की दीवार पर तराई कर रहा था।करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुमेर सिंह का आरोप है कि गांव में 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन काफी नीचे है। लाइन को ऊंचा करने और तारों को टाइट करने के लिए संबंधित जेई और एसडीओ को कई बार सूचना दी गई थी, लेकिन बिजली निगम की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। मुंडकटी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी कैलाश भड़ाना ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बिजली लाइन से संबंधित लापरवाही के आरोपों की भी जांच की जाएगी।