फोटो 13,14,15 में हैं। कैप्शन: 13-औरंगाबाद में दिल्ली-आगरा राजमार्ग पर जाम लगाने वाले लोगों को समझाते हुए डीएसपी
कैप्शन: 14- औरंगाबाद में दिल्ली-आगरा राजमार्ग पर जाम लगाए खडे़ लोग
कैप्शन: 15- मृतक दीपक का फाइल फोटो
-
- ग्रामीणों ने शव को दिल्ली-आगरा राजमार्ग पर रखकर लगाया जाम, गुरुग्राम के अस्पताल में हुई मृत्यु
- डीएसपी ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन देकर खुलवाया जाम
- तनाव की स्थिति देख गांव में तैनात की गई पुलिस
- 24 दिसंबर को घर के बाहर रात साढ़े 12 बजे मारी गई थी युवक को गोली, हत्या का मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। गांव औरंगाबाद में 24 दिसंबर की रात अज्ञात युवकों द्वारा गोली मारकर घायल किए गए युवक दीपक की शुक्रवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। इस बात से गुस्साए लोगों ने गुरुग्राम अस्पताल से पोस्टमार्टम करा शव को दिल्ली-आगरा राजमार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। परिजनों व ग्रामीणों ने जाम लगा नारेबाजी करनी शुरू कर दी तथा आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की। जाम लगने की सूचना मिलते ही होडल डीएसपी सज्जन सिंह मौके पर पहुंच गए तथा लोगों को समझाने का प्रयास किया। युवक की मौत के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस विभाग ने गांव में तथा आसपास के सभी रास्तों पर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए।
बता दें कि 24 दिसंबर की रात करीब साढ़े 12 बजे औरंगाबाद निवासी युवक दीपक कहीं बाहर से आया था। जैसे ही उसके घर के बाहर कार खड़ी कर नीचे उतरा तो वहां पहले से ही घात लगाए बैठे एक अज्ञात व्यक्ति ने उस पर गोली चला दी। गोली दीपक के सिर में लगी और वह वहीं जमीन पर गिर गया। गोली की आवाज सुनकर उसके चाचा महेंद्र सिंह व अन्य परिजन बाहर निकल आए। लोगों की भीड़ एकत्रित देख अंधेरे का फायदा उठा हमलाकर फरार हो गया। घायल अवस्था में परिजन दीपक को तुरंत उपचार के लिए फरीदाबाद अस्पताल में ले गए। जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गुरुग्राम स्थित आर्ट मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। दीपक उसी दिन से मैक्स अस्पताल में भर्ती था। पुलिस भी उसी दिन सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई थी तथा घायल दीपक के चाचा महेंद्र के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास में मामला दर्ज कर लिया था। शुक्रवार को उपचार के दौरान दीपक की मौत हो गई। इसकी सूचना जैसे ही गांव औरंगाबाद में पहुंची तो लोगों में गुस्सा उत्पन्न हो गया। उधर पुलिस को जब इसकी सूचना मिली और गांव में तनाव व विवाद होने की आशंका दिखाई दी तो मृतक के घर के आसपास व गांंव के सभी प्रमुख रास्तों पर नाका लगा पुलिस तैनात कर दी गई। पुलिस टीम शव को लेने के लिए गुरुग्राम अस्पताल भी पहुंच गई। जहांं शव का पोस्टमार्टम कराया गया। थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। उधर परिजन शव को लेकर गांंव पहुंच गए तथा परिजनों व ग्रामीणों ने मिलकर शव को दिल्ली-आगरा राजमार्ग पर रख दिया और जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने हंगामा किया तथा नारेबाजी की। सूचना मिलते ही डीएसपी सज्जन सिंह ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया तथा जल्द से जल्द आरोपी का सुराग लगाकर उसे गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। डीएसपी के काफी समझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला तथा शव को गांव में लेकर उसका अंतिम संस्कार कराया। अंतिम संस्कार होने तक पुलिस बल गांव में मौजूद रहा।