संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। सदर थाना क्षेत्र के गांव घासेड़ा में महात्मा गांधी तिरंगा पार्क के पास तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव घासेड़ा निवासी इकबाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 21 अक्तूबर को उसका बेटा नसीम और अरशद मोटरसाइकिल पर सोहना से गांव लौट रहे थे। गांव के कट पर मुड़ते समय पीछे से आई तेज रफ्तार बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर गए और नसीम बेहोश हो गया। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज नल्हड़ लेकर पहुंचे, जहां सिर में गंभीर चोट के चलते प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। बाद में उसका इलाज गुरुग्राम के स्पेस अस्पताल में कराया गया। जांच अधिकारी सुभाष चंद के अनुसार पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।