आदर्श रामलीला में एक ही परिवार के तीन सदस्य अलग-अलग पात्रों की भूमिका में नजर आएंगे। छोटा भाई राम तो बड़ा भाई परशुराम बनेंगे वहीं उनकी मां शबरी का किरदार निभाएंगी।
कुछ ऐसा ही दृश्य होगा इस बार रामलीला में। एक भाई श्रीराम (मोहित) की भूमिका में है तो दूसरा भाई (नवीन) परशुराम के किरदार में दिखाई देगा। ये दोनों भाई पिछले कई वर्षों से रामलीला में परशुराम व सीता का किरदार निभाते आ रहे हैं।
लेकिन इस बार मोहित को राम का किरदार निभाने का मौका मिला है। अनुभव की वजह से इस बार मोहित बजाज को रामलीला में प्रधान के पद की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
खास बात यह है कि मोहित-नवीन बजाज की मां सावित्री देवी पहली बार रामलीला में शबरी की भूमिका में नजर आएंगी। बजाज परिवार के लोगों का कहना है कि यह धर्म का काम है, इसलिए कई लोग योगदान दे रहे हैं। असल जिंदगी में नवीन बजाज कपडे़ की दुकान करते हैं और मोहित इलेट्रिशियन हैं।
मोहित कहते हैं कि रामलीला का समय आते ही उन पर रामलीला का जुनून शुरू हो जाता है। उन्होंने बताया कि रामलीला में उनके भाई नवीन ने 2011 में रावण का किरदार निभाया था और उसने (मोहित) सीता का।