न्यूज संवाद एजेंसी
नूंह। दिल्ली-बड़ोदरा एक्सप्रेसवे पर गांव उजीना के पास दिल्ली की जाने के लिए कट का निर्माण कार्य रविवार को शुरू हो गया। केंद्रीय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राव इंद्रजीत सिंह ने निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि छह माह में कार्य पूरा कर लिया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उजीना के पास एक्सप्रेसवे पर जयपुर और बड़ोदरा की ओर जाने तथा वहां से उतरने की सुविधा पहले से उपलब्ध थी, लेकिन दिल्ली की ओर आने-जाने के लिए कनेक्टिविटी नहीं होने से क्षेत्र के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती थी। स्थानीय लोग लंबे समय से इस समस्या के समाधान की मांग कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने की दिशा में कदम उठाया है। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, जिला महामंत्री रमेश मानुवास, जाहिद बाई सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।