न्यूज संवाद एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। शारदीय नवरात्र के उपलक्ष्य में रविवार को शहर में कलश यात्रा एवं मां दुर्गा की शोभायात्रा निकाली गई। कलश यात्रा गढ़ अंदर स्थित प्राचीन दुर्गा देवी मंदिर से शुरू हुई। ढोल-नगाड़ों और डीजे पर बज रहे भजनों के बीच यात्रा शहर के मुख्य बाजारों से होकर गुजरी। इसमें बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु सिर पर कलश लेकर शामिल हुईं। महिलाएं भजनों पर नाचते-गाते हुए मां दुर्गा की भक्ति में लीन नजर आईं। यात्रा शहर के मुख्य बाजारों से होते हुए सिविल लाइन रोड स्थित रेस्ट हाउस के निकट हनुमान मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। इस अवसर पर टिक्कम चंद सैनी, परमानंद सैनी, मुकेश शर्मा, लैखीराम शर्मा, राजेश शर्मा, धर्मेंद्र यादव एडवोकेट, विजय चोपड़ा, फूलसिंह ठेकेदार, जीवनलाल सैनी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।