हाल ही में हुए दर्दनाक हादसे की खबर प्रकाशित होने के बाद संबंधित विभाग हरकत में आ गया
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। हथीन मोड़ स्थित खुले नाले के पास सुरक्षा इंतजाम नहीं होने और हाल ही में हुए दर्दनाक हादसे की खबर प्रकाशित होने के बाद संबंधित विभाग हरकत में आ गया है। सोमवार से लोक निर्माण विभाग, नूंह की ओर से नाले के किनारे सुरक्षा बाउंड्री, रेलिंग बनाने का कार्य शुरू करा दिया गया है।
अमर उजाला ने हादसे की खबर के साथ शहर के विभिन्न खुले नालों के किनारे सुरक्षा बाउंड्री और चेतावनी बोर्ड नहीं होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। खबर में बताया गया था कि बारिश के दौरान खुले नाले किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। इसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए हथीन मोड़ स्थित नाले पर सुरक्षा दीवार बनाने का काम शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों ने इसे राहत भरा कदम बताते हुए शहर के अन्य खुले नालों पर भी जल्द सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।
गौरतलब है कि बुधवार देर रात हथीन मोड़ स्थित खुले नाले में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गिरने से गेलपुर निवासी कुलदीप की मौत हो गई थी, जबकि चालक किसी तरह बाहर निकल आया था। हादसे के बाद अमर उजाला ने इस घटना को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
यहां अटका था सुरक्षा बाउंड्री का मामला
दरअसल, नूंह-पलवल रोड स्थित इस नाले का मालिकाना हक सिंचाई विभाग, पलवल के पास है, जबकि सड़क और उस पर सुरक्षा संबंधी कार्य कराने का अधिकार लोक निर्माण विभाग नूंह के पास है। विभागीय अधिकार क्षेत्र स्पष्ट नहीं होने के कारण लंबे समय से यहां सुरक्षा बाउंड्री नहीं बन पाई थी। इस संबंध में जब लोक निर्माण विभाग नूंह के कार्यकारी अभियंता प्रदीप सिंधु को जानकारी दी गई तो उन्होंने आश्वासन दिया था कि सोमवार से सुरक्षा बाउंड्री बनाने का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। विभाग ने अपने आश्वासन के अनुरूप अब मौके पर कार्य शुरू कर दिया है।
अमर उजाला के माध्यम से इस घटना और सुरक्षा व्यवस्था के अभाव की जानकारी मिली, विभाग ने तुरंत संज्ञान लेते हुए नाले के किनारे सुरक्षा दीवार बनाने का कार्य शुरू करा दिया। कार्य तेजी से कराया जा रहा है और इसे जल्द से जल्द पूरा कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
-प्रदीप सिंधु, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, नूंह