महिला विकास समिति के कार्यकर्ता ने ली स्वच्छता की शपथ
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। गायत्री महिला विकास समिति के तत्वावधान में बृहस्पतिवार को कृष्णा कॉलोनी में स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान समिति के चेयरपर्सन गायत्री शर्मा के नेतृत्व में चलाया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। अभियान के तहत कॉलोनी की गलियों व नालियों की सफाई की गई तथा गंदगी को कॉलोनी से बाहर डलवाया गया। इस अवसर पर गायत्री शर्मा ने कहा कि जब तक हमारा घर, गली, मौहल्ला और शहर साफ नहीं होगा, तब तक देश को स्वच्छ नहीं बनाया जा सकता। गंदगी से बीमारियों को बढ़ावा मिलता है, जिसे हमें ही नुकसान होता है। अपने घर से आस-पास गंदगी को एकत्रित न होने दें, तभी प्रधानमंत्री का स्वच्छ भारत का सपना साकार हो सकता है। इस अवसर पर सविता शर्मा, मूर्ति, प्रतिभा, माया, प्रेमवती, राजरानी, ममता, सुमन, अनीता व बबीता मुख्य रूप से मौजूद थीं।
--